शनिवार, 30 जून 2018

किसानों की खुशहाली के लिये केन्द्र व राज्य सरकार प्रतिबद्ध

  


   केन्द्रीय पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा किसानों एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की खुशहाली के लिये केन्द्र व राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही हैं। दोनों सरकारों ने इस दिशा में क्रांतिकारी कदम उठाए हैं। तोमर ग्वालियर जिले की जीवनदायनी कही जाने वाली हरसी कमाण्ड नहरों के जीर्णोद्धार कार्य के भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश के जलसंसाधन एवं जनसंपर्क मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने कहा कि सरकार सिंध नदी पर रतनगढ़ माता मंदिर के समीप बांध बनाकर डबरा व पिछोर क्षेत्र में नई हरित क्रांति लायेगी। 
   हरसी परियोजना के तहत नहरों के जीर्णोद्धार के लिये सरकार ने 55 करोड़ 25 लाख रूपए की राशि मंजूर की है। शनिवार को केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर व प्रदेश के जलसंसाधन मंत्री डॉ. मिश्र द्वारा पिछोर के समीप स्थित नहर पर जीर्णोद्धार कार्य का भूमिपूजन किया गया। मंत्री द्वय ने इसके बाद पिछोर के मंडी प्रांगण में भूमिपूजन कार्यक्रम के उपलक्ष्य में अयोजित हुए समारोह को संबोधित किया। 
   केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि गुणवत्तायुक्त सड़कों का जाल, गरीब परिवारों की महिलाओं के घर में निरूशुल्क रसोई गैस कनेक्शन, जरूरतमंदों को मिल रही पक्की छत तथा अन्य सुनियोजित विकास कार्य कराकर सरकार अच्छे दिन आने का सपना पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि मौलिक आवश्यकताओं की वस्तुओं के दामों पर भी सरकार ने पूरा नियंत्रण रखा है। श्री तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विदेश नीति की धाक पूरी दुनिया में स्थापित हुई है। दुनिया के किसी भी एजेण्डे में अब भारत की अनदेखी नहीं हो सकती। आतंकवाद के मसले पर पाकिस्तान अलग-थलग पड़ गया है। सारी दुनिया भारत के साथ खड़ी है। 
   तोमर ने कहा गरीब से गरीब आदमी सम्मानपूर्वक जीवन जी सके, इसके लिये प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना शुरू की है। केन्द्र सरकार ने वर्ष 2022 तक हर जरूरतमंद को मकान मालिक बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा खुशी की बात है कि प्रदेश सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति की बदौलत मध्यप्रदेश में सिंचाई का रकबा 7 लाख हैक्टेयर से बढ़कर लगभग 45 लाख हैक्टेयर हो गया है। सिंचाई का रकबा 60 लाख हैक्टेयर तक पहुँचाने के लिये मध्यप्रदेश सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा शिवराज सिंह चैहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार ने हर प्रतिभावान बच्चे को उच्च शिक्षा प्रदान करने के लिये भी क्रांतिकारी कदम उठाए।  
   उन्होंने इस अवसर पर पिछोरवासियों को भरोसा दिलाया कि पिछोर में महाविद्यालय खोलने के लिये वे मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे। तोमर ने डबरा विकासखण्ड के ग्रामीण अंचल में विभिन्न हाईस्कूलों के उन्नयन के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही कहा रतनगढ़ के समीप नया बांध बनने से इस क्षेत्र के किसानों में खुशहाली आयेगी। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें