शुक्रवार, 22 जून 2018

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने मांगा आदिवासी मुख्यमंत्री और 51 सीटें

 कांग्रेस को सौंपा 13 सूत्री गठबंधन का एजेंडा
विधानसभा चुनाव में गठबंधन करने के लिए राज्य की गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने कांग्रेस के सामने आदिवासी वर्ग का मुख्यमंत्री बनाने और गोंगपा को 51 सीटें देने की शर्त रखी है. गोंगपा की इस शर्त के बाद कांग्रेस की ओर से कोई जवाब नहीं आया है. कांग्रेस इसे लेकर अब चिंतित नजर आ रही है.
विधानसभा चुनाव में कांग्रेस द्वारा छोटे दलों के साथ गठबंधन करने के प्रयास किए गए थे, जो फिलहाल विफल होते नजर आ रहे हैं. कांग्रेस को पहले समाजवादी पार्टी और बाद में बहुजन समाज पार्टी ने झटका दिया, अब गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने कांग्रेस के सामने जा ेशर्त रखी उससे कांग्रेस के नेताओं की चिंता बढ़ गई है. गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से मुलाकात कर उनक ेसामने यह शर्त रखी कि कांग्रेस मध्यप्रदेश में चुनाव जीतने के बाद आदिवासी वर्ग से मुख्यमंत्री बनाए. इसके अलावा कांग्रेस के घोषणा पत्र में 12 मुद्दे जो जिन्हें लेकर गोंडवाना आदिवासी क्षेत्रों में काम करना चाहती है, उन्हें कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में शामिल करे. इन मुद्दों में गोंडवाना राज्य की स्थापना भी है.
गोंडवाना की शर्तें
* गोंडवाना गणतंत्र पार्टी 51 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. कांग्रेस को उक्त सीटें खाली करना होगी.
* सीट संख्या के साथ प्रति शीट आर्थिक पैकेज निर्धारित किया जाए.
* गोंगापा और कांग्रेस के बीच जो भी समझौता हो उसे चुनाव अधिसूचना जारी होने तक गोपनीय रखा जाए.
51 सीटें जो गोंगपा ने मांगी
छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा, परासिया, जुन्नारदेव, चौरई, पांढुर्ना, सिवनी जिले की लखनादौन, केवलारी, बरघाट, बालाघाट जिले की बैहर, परसवाड़ा, कटंगी, बालाघाट, वारासिवनी, मंडला जिले की निवास, बिछिया, मंडला, डिंडौरी जिले की शहपुरा, डिंडोरी, जबलपुर जिले की सिहोरा, बरगी, जबलपुर पश्चिम, उमरिया जिले की बांधवगढ़, मानपुर, अनूपपुर जिले की पुष्पराजगढ़, कोतमा, शहडोल जिले की ब्यौहारी, जैतपुर, जयसिंह नगर, सीधी जिले की धौहनी, सिंगरौली जिले की देवसर, चितरंगी, बैतूल जिले की आमला, घोड़ाडोंगरी, भैंसदेही, होशंगाबाद जिले की सिवनी मालवा, पिपरिया, रायसेन जिले की सिलवानी, भोजपुर, उदयपुरा, देवास जिले की खातेगांव, सोनकच्छ, बागली, सागर जिले की देवरी, दमोह जिले की जबेरा, सीधी जिले की सीधी, सिंहावल, सतना जिले की मैहर, चित्रकूट, पन्ना जिले की पवई, नरसिंहपुर जिले की गोटेगांव, विदिशा जिले की शमशाबाद हैं.
हम अपनी शर्तों पर करेंगे गठबंधन
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष मनमोहन शाह बट्टी ने इस बात की पुष्टि की है कि उन्होंने पार्टी की ओर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को गठबंधन को लेकर पार्टी का राजनीतिक एजेंडा सौंप दिया है. उन्होंने बताया कि गोंगापा जिन 51 सीटों पर गठबंधन के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी इसकी सूची भी उन्होंने दे दी है. आगे कांग्रेस को फैसला लेना है. उन्होंने बताया कि हम अपनी शर्तों पर ही गठबंधन करेंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें