शुक्रवार, 22 जून 2018

भाजपा को सत्ता से उखाड़ना ही हमारी चुनौती: बावरिया


अखिल भारतीय कांगे्रस कमेटी के महासचिव और प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया ने कहा है कि दलित समाज को मध्यप्रदेश में ठीक वैसी ही परिस्थितियां पैदा करना है जो गुजरात के दलित समाज में पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान की थीं. मध्यप्रदेश से भाजपा सरकार को सत्ता से उखाड़ना ही आपकी चुनौती होना चाहिए. 
बावरिया यहां प्रदेश कांगे्रस कार्यालय में बौद्ध समाज सामूहिक कल्याण समिति द्वारा आयोजित बौद्ध समाज एवं डॉ. अम्बेडकर अनुयाईयों की ओर से अभिनंदन समारोह में संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने संघर्ष कर दलितों को दिशा दी थी और उनका कल्याण किया, कानून व्यवस्था बनायी. आरएसएस के इशारे पर काम करने वाली भाजपा आपके लिए बनाए संविधान को मिटाने का लगातार प्रयास कर रही है. भाजपा के मंत्री कहते हैं हम शासन करने के लिए नहीं संविधान बदलने के लिए आए हैं. मोहन भागवत आरक्षण पर पुनर्विचार करने पर तुले हुए हंै. रोहित वेमुला, राजस्थान की घटना, दलितों को जिंदा जलाए जाने की घटना, खंभे से बांधकर मार दिए जाने की घटना के बाद भी मन की बात करने वाले प्रधानमंत्री दलितों की बात पर मौन हैं. भाजपा और संघ के लोग सामने से तो माला चढ़ाते हैं और पीछे से बाबा साहेब की प्रतिमा का अपमान करते हैं. 
प्रदेश कांगे्रस के कार्यकारी अध्यक्ष सुरेन्द्र चौधरी ने बौद्ध समाज के अनुयाईयों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के राज में दलितों को सम्मान और समानताएं नहीं मिलती, बाबा साहेब और उनके बनाए संविधान के खिलाफ भाजपा कुचक्र रच रही है, लेकिन कांगे्रस पार्टी ही आगे आकर दलितों के उत्थान की आवाज उठाती रही है. मनुवादी लोग इस वर्ग को एक नहीं होने देना चाहते हैं. हम-आप में कमियां हो सकती हैं, लेकिन बाबा साहेब की हिफाजत के लिए हमें संगठित होकर काम करना होगा. इस अवसर पर अभा कांगे्रस अनुसूचित जाति के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक ब्रजलाल खाबरी और सिद्वार्थ परमार, भंते शाक्य पुत्र, आनंद बाघ ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम का संचालन मुकुल वाघ ने किया. प्रदेश कांगे्रस के मीडिया प्रभारी मानक अग्रवाल, पंकज चतुर्वेदी, समाजसेवी लक्ष्मण वाघ अध्यक्ष बोहर समाज, मनीष अहिरवार, बालुसिंग बारिया, चम्पालाल, दीपक घुरन्धर, नारायण सुरवोड उपस्थित थे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें