मोहनपुरा में 4 हजार करोड़ की लागत वाली सिंचाई परियोजना का किया शुभारंभप्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस सहित पूरे विपक्ष पर जमकर निशाना साधा और कहा कि झूठ और भ्रम फैलाने वाले लोग जमीनी सच्चाई से दूर हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों के प्रति जनता का विश्वास लगातार बढ़ा है.
प्रधानमंत्री मोदी ने यह बात आज मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के मोहनपुरा में सिंचाई परियोजना के उद्घाटन के बाद समारोह को संबोधित करते हुए कही. उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश ने जिस तरह से नए आयाम हासिल किए हैं, वह तारीफ के काबिल है. इस दौरान मोदी ने कांग्रेस पर निशाना भी साधाा. उन्होंने कहा, एक वक्त था जब मध्यप्रदेश बीमारु राज्यों में शामिल था, तब लंबे समय तक शासन करने वाली कांग्रेस पार्टी को यह अपमान चुभता नहीं था. कांग्रेस के नेता केवल अपनी जय-जयकार करवाते थे. पर, भाजपा ने मिशन के तहत काम किया और प्रदेश को बीमारू राज्य से निकालकर हम विकास की राह पर ले आए.
मोदी ने जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद करते हुए कहा कि आज श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि है. मुखर्जी कहा करते थे कोई भी राष्ट्र सिर्फ अपनी ऊर्जा से ही सुरक्षित रह सकता है. उनका भरोसा देश के संसाधन पर था, देश के लोगों पर था. पर, ये देश का दुर्भाग्य है कि एक परिवार का महिमामंडन करने के लिए देश के अनेक वीर सपूतों के योगदानों को छोटा कर दिया गया. प्रधानमंत्री ने कहा कि एक परिवार का महिमामंडन करने के लिए देश के अनेक सपूतों के योगदान को जानबूझकर छोटा किया गया. उसे भुला देने का प्रयास किया गया. पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला करते हुए पीएम ने कहा कि कुछ कार्य पहले भी हो सकते थे. पहले की सरकारों को रोका नहीं गया था. जिस दल ने लंबे समय तक देश पर शासन किया उसने कभी देश के सामर्थ्य पर भरोसा नहीं किया. हमारी सरकार ने 4 वर्षों में कभी निराशा की बात नहीं कही है.
प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को भी जनता के सामने रखा. उन्होंने मेक इन इंडिया और न्यू इंडिया के अपने विचार भी साझा किए. उन्होंने कहा कि न्यू इंडिया के उनके विजन के तहत किसानों पर विशेष फोकस किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य पर हम काम कर रहे हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकारें जनसेवा के मिशन के तहत काम करती हैं और हमारे लिए डा.मुखर्जी की तरह देश पहले है.
सेवक की भांति जनता की सेवा कर रहे शिवराज
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज मंच से मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की प्रशंसा भी की. उन्होंने कहा कि शिवराज जी एक सेवक की तरह जनता की सेवा कर रहे हैं. पिछले 4 सालों में केंद्र सरकार ने और बीते 13 सालों में शिवराजजी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने गरीबों, पिछड़ों, शोषितों, वंचितों और किसानों को सशक्त करने का उत्तम काम किया है. शिवराजजी के कठोर परिश्रम और कुशल नेतृत्व के कारण मालवा और मध्यप्रदेश का चौतरफा विकास हुआ है. प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं शिवराजजी को उनकी कड़ी मेहनत के लिए बधाई देता हूं. शिवराजजी के शासन में मध्यप्रदेश ने विकास की नई गाथा लिखी है. आज यहां मोहनपुरा में सिंचाई परियोजना का लोकार्पण और तीन वॉटर सप्लाई स्कीमों पर काम शुरू होना, इसी कड़ी का एक हिस्सा है. ये परियोजना राजगढ़ ही नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश की भी बड़ी परियोजनाओं में से एक है .
सिर्फ शो करती है भाजपा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि भाजपा सिर्फ शो करती है. स्मार्ट सिटी के लिए पैसों के आवंटन ज्यादा जरुरी है कि पैसा कितना और कहां खर्च हुआ. पैसों का सही उपयोग हुआ या फिर नहीं. उन्होंने आरोप लगाया कि जो भी पैसा खर्च हुआ वह सरकार की ब्रांडिंग पर खर्च किया गया. उन्होंने प्रधानमंत्री के दौरे पर खर्च किए गए पैसों पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल ब्रांडिंग पर खर्च कर रही है. उन्होंने कहा कि अब प्रदेश की भोली भाली जनता को भी यह समझ आने लगा है. भाजपा की सारी कलाकार अब जनता के समझ आ रही है. किसानों द्वारा की जा रही आत्महत्यों पर उन्होंने कहा कि किसानों की आत्महत्या के मामलों का प्रदेश में दबा दिया जाता है. जल्द ही यह प्रथा बंद होगी.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें