शनिवार, 23 जून 2018

तकदीर और तस्वीर बदलने वाली योजनाएं लाए मोदी

मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने लोकार्पण समारोह में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के समग्र विकास के साथ-साथ विश्व में शांति की स्थापना के लिये महत्वपूर्ण कार्य किये हैं. मोदी अपने व्यक्तित्व और कृतित्व से आज विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता बन गये हैं. चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली ऐतिहासिक राजगढ़ यात्रा है. उन्होंने बताया कि  मोदी प्रदेश की तकदीर और तस्वीर बदलने वाली योजनाएँ लेकर आये हैं.
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मोहनपुरा वृहद सिंचाई परियोजना राजगढ़ जिले की तस्वीर बदल देगी. उन्होंने बताया कि खेती और सिंचाई के क्षेत्र में मध्यप्रदेश के किसानों ने पंजाब राज्य को भी पीछे छोड़ दिया है. मध्यप्रदेश में पिछले कई वर्षों से कृषि के क्षेत्र में रिकार्ड उत्पादन हो रहा है. राज्य सरकार की योजना है कि आने वाले कुछ वर्षों में प्रदेश में सिंचाई क्षमता को 80 लाख हेक्टेयर क्षेत्र तक बढ़ाया जायेगा. प्रधानमंत्री मोदी के वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के मिशन को पूरा करने में मध्यप्रदेश राज्य पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा. श्री चौहान ने बताया कि पिछली सरकारों में प्रदेश के किसानों को बिजली, पानी, सड़क और खाद को लेकर हमेशा परेशानी का सामना करना पड़ता था. उन्होंने कहा कि अब ऐसा नहीं है. प्रदेश के किसानों को यह सभी सुविधाएँ आसानी से उनके गाँवों और खेतों तक मिल रही हैं. मुख्यमंत्री  चौहान ने राजगढ़वासियों का आव्हान किया कि नया मध्यप्रदेश बनाने के साथ-साथ नया राजगढ़ बनाने में भी अपना भरपूर सहयोग प्रदान करें, संकल्पित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें