बुधवार, 27 जून 2018

प्रत्याशियों से कहा बूथ स्तर के पदाधिकारियों तक पहुंचें

 आप ने प्रत्याशियों को दिया प्रशिक्षण
प्रत्याशियों की पहली सूची घोषित करने के बाद आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की जमीनी तैयारी का काम शुरू कर दिया है. इसी सिलसिले में बुधवार को गांधी भवन में हाल ही में घोषित किए गए सभी 20 विधानसभा प्रत्याशियों और उनकी कोर टीम के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया. इस शिविर का संचालन दिल्ली से आए आम आदमी पार्टी के प्रदेश आईटी और सोशल मीडिया प्रमुख अरविंद झा ने किया. 
शिविर में प्रत्याशियों के प्रचार-प्रसार, व्यवहार, जनसंपर्क, सांगठनिक ढांचे आदि के आगामी कार्यक्रमों के अलावा मुद्दा आधारित राजनीति और आम जनता के लगातार संपर्क में रहने तक के विषय में गहन विचार-विमर्श किया गया. शिविर के दौरान प्रत्याशियों से उनके विधानसभा क्षेत्र के मुद्दों की जानकारी ली गई. प्रत्याशियों के टीम विस्तार, जनता से सतत संपर्क, समस्याओं के सकारात्मक हल के विषय में बातचीत की गई. 
शिविर के दौरान सोशल मीडिया एवं आईटी सेल के प्रमुख अरविंद झा ने प्रत्याशियों को प्रचार प्रसार के विभिन्न कार्यों के लिए समयबद्ध ढंग से काम करने और बूथ स्तर तक पार्टी के पदाधिकारियों के पास पहुंचने की हिदायत दी. उन्होंने बताया कि आज से प्रत्याशियों की विभिन्न टीमों के प्रशिक्षण का काम शुरू हो रहा है और यह लगातार जारी रहेगा. विधानसभा प्रत्याशी की टीम को सीधे प्रदेश और राष्ट्रीय टीम से जोड़ा जाएगा और सभी तरह के प्रचार को समयबद्ध ढंग से किया जाएगा. 
प्रशिक्षण शिविर के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष अमित भटनागर, प्रदेश संगठन मंत्री एवं भोपाल जोन के प्रभारी पंकज सिंह, प्रदेश संगठन सचिव एवं इंदौर जोन के प्रभारी युवराज सिंह, प्रदेश संगठन सचिव एवं ग्वालियर जोन के प्रभारी हिमांशु कुलश्रेष्ठ, प्रदेश संगठन सचिव एवं जबलपुर जोन के प्रभारी मुकेश जायसवाल, उज्जैन जोन के प्रभारी इंद्र विक्रम सिंह के अलावा सभी प्रत्याशी एवं अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे. 
नियंत्रित व्यवहार करने की दी सीख
इस दौरान आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने प्रत्याशियों को नियंत्रित व्यवहार से लेकर अधिकतम समय जनसंपर्क में रहने के लिए जरूरी टिप्स दिए. उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से मंडल अध्यक्ष का काम तकरीबन पूरा कर लिया गया है. अब पार्टी बूथ लेबल पर अपनी कमेटियां बना रही है और इस काम को जुलाई अंत तक पूरा कर लिया जाएगा. यह काम जिन विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशी की घोषणा कर दी गई है, वहां प्रत्याशी की ही देखरेख में होगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें