प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि प्रदेश भर के बड़े गांवों में ग्रामीण महिला कांगे्रस का गठन आगामी 15 अगस्त के पूर्व कर लिया जाएगा. इसके साथ ग्राम स्तर पर महिला कांग्रेस की जिम्मेदारी को विकेन्द्रीत किया जाएगा.
कमलनाथ प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पुर्नगठित प्रदेश महिला कांग्रेस की पहली बैठक ले रहे थे. उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में प्रदेश महिला कांग्रेस का विस्तार किया गया है. महिला कांग्रेस को अपनी जिम्मेदारियों का विकेंद्रीकरण ग्राम स्तर तक करना है. उन्होंने कहा कि चुनाव में महिलाओं का सबसे अहम रोल होता है. चुनाव के मद्देनजर महिला कांग्रेस को यह देखना है कि सीमित समय में अधिक से अधिक क्या किया जा सकता है. हमारी कौन कौन सी गतिविधियां महिलाओं के बीच प्रभावशाली हो सकती हैं.
नाथ ने कहा कि सबसे पहले तो महिला कांग्रेस की सभी जोन पदाधिकारी अपने-अपने प्रभार की जिला महिला कांग्रेस के अध्यक्षों की बैठक कर लें. इसके बाद जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष ब्लाक महिला कांग्रेस की अध्यक्षों की बैठक बुलाकर ब्लाक स्तर की समितियां गठित करें. साथ ही वे नगर निगम क्षेत्र में वार्डवार महिला कांग्रेस समितियां भी बनाएं. यह काम 15 जुलाई तक हो जाना चाहिए.
कमलनाथ ने कहा कि ब्लाक समितियां अपने क्षेत्र के ऐसे बड़े गांव का चयन करें, जिनके अतंर्गत चार से दस चुनाव बूथ आते हों. वहां पर कांग्रेस विचारधारा वाली जागरूक, जुझारू और सक्षम महिला को ग्रामीण महिला कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त करें. ये अध्यक्ष गांव की महिलाओं को जोड़कर अपनी समिति बनाये. साथ ही ब्लाक समितियां नगर पालिका, नगर पंचायत स्तर पर महिला कांगे्रस समितियां भी गठित करें. सभी समितियां हर हाल में 15 अगस्त तक बन जाना चाहिए.
नाथ ने महिला पदाधिकारियों से कहा कि इस कार्य में आप जिला कांग्रेस कमेटी से समन्वय कर सहयोग ले सकती हैं. इसके लिए जिला कांग्रेस कमेटी को विधिवत निर्देश दे दिये जाएंगे. बैठक में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की महासचिव और प्रदेश प्रभारी डॉ. ओनिका मेहरोत्रा, सचिव संध्या सवालखे, समन्वयक किट्टे ग्रेवाल, अंजू जायसवाल और लता जे. भाटिया सहित मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष मांडवी चैहान और कार्यकारी अध्यक्षगण वंदना मांडरे, कविता पांडे, तलविंदर गुजराल, दीप्तीसिंह और यासमीन शेरानी उपस्थित थीं. बैठक में प्रदेश कांगे्रस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर और प्रकाश जैन भी उपस्थित थे.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें