मंगलवार, 26 जून 2018

आप ने घोषित किए 20 प्रत्याशी

अनिमेष पांडे छिंदवाड़ा, मुकेश अंखडे घोड़ा डोंगरी से आप के प्रत्याशी घोषित

आम आदमी पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है. पार्टी ने अपनी इस सूची में 20 विधानसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नाम तय किए हैं. पार्टी ने छिंदवाड़ा से अनिमेष पांडे और घोड़ाडोंगरी से मुकेश अंखडे को प्रत्याशी बनाया है.
प्रत्याशियों की घोषणा आज  पार्टी के प्रदेश प्रभारी गोपाल राय ने की. इस अवसर पर प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल भी मौजूद थे. पत्रकारों से चर्चा करते हुए राय ने बताया कि बिजावर से पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अमित भटनागर, अमरपाटन से पार्टी के रीवा जोन सचिव जितेंद्र चौरसिया, गोटेगांव से पूर्व आईपीएस और पार्टी के होशंगाबाद लोकसभा प्रभारी महेश प्रसाद चौधरी, सीहोर से राष्ट्रीय स्तर के धावक और पार्टी के जिला सचिव कृष्णापाल सिंह बघेल, नीमच से पार्टी के मंदसौर लोकसभा प्रभारी नवीन अग्रवाल, सेवड़ा से पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता परिणीता राजे उर्फ बेटी राजा, बिछिया से अशोक शाह धुर्वे, निवाड़ी से गोपाल सिंह ठाकुर, ग्वालियर दक्षिण से दिलीप मिश्रा, ग्वालियर 15 से कुलदीप बाथम, भोपाल उत्तर से जुबेर खान, सीधी से राम विशाल विश्वकर्मा, पथरिया से चंद्रमोहन गुरु, चितरंगी से अवधेश सिंह, छिंदवाड़ा से अनिमेष पांडे, कसरावद से शैलेश चौबे, लांझी से हीरालाल पांचे, घोड़ाडोंगरी से मुकेश अखंडे, बड़ामलहरा से जगदीश सिंह और जतारा से रामदीन अहिरवार को अपना उम्मीदवार बनाया है.
पत्रकारों से चर्चा करते हुए राय ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में व्यवस्था बदलने की जो शुरूआत की है, उसे मध्य प्रदेश में आगे बढ़ाया जाएगा और इसी क्रम में आज 20 प्रत्याशियों की सूची जारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस और भाजपा की सरकारों ने लूट और भ्रष्टाचार की जो व्यवस्था बनाई है, उसके कारण प्रदेश में हर ओर समस्याएं हैं. शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, किसान, बिजली, सड़क, पानी जैसे बुनियादी मुद्दों पर मध्य प्रदेश की स्थिति बेहद खराब है.आज आम आदमी इन दोनों ही पार्टियों से त्रस्त हो चुका है और व्यवस्था परिवर्तन के लिए आम आदमी पार्टी पर भरोसा जता रहा है.
 आप के प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी आज विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों की सूची जारी कर व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई की शुरूआत कर रही है.इसके बाद 6 जुलाई को ग्वालियर में पार्टी के प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की जाएगी.साथ ही उन्होंने बताया कि 15 जुलाई को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की इंदौर में विशाल आम सभा होगी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें