
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी और दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने भोपाल में कहा कि आम आदमी पार्टी सत्ता को बदलने की लिए नहीं आई है, हम व्यवस्था को बदलने के लिए चुनावी मैदान में उतरे हैं. उन्होंने कहा कि लोग भाजपा और कांग्रेस की नीतियों से त्रस्त हो चुके हैं और अब विकल्प के रूप में आम आदमी पार्टी की ओर देख रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश में गैर भाजपा, गैर कांग्रेस विकल्प के लिए आम आदमी पार्टी पहल करेगी.
प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करने के अवसर पर पार्टी कार्यकतार्ओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हम मध्य प्रदेश में सत्ता नहीं व्यवस्था परिवर्तन के लिए चुनाव लड़ रहे हैं. अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो केवल सत्ता बदलेगी, व्यवस्था नहीं. आज देश के हर प्रदेश में दिल्ली की तरह गैर भाजपा, गैर कांग्रेस विकल्प की जरूरत है, जिससे कि व्यवस्था में बदलाव हो सके. उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए आम आदमी पार्टी गैर भाजपा, गैर कांग्रेस महागठबंधन के लिए विभिन्न पार्टियों और सामाजिक संगठनों से बातचीत करेगी और मध्य प्रदेश में बदलाव की अपनी लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाएगी.
उन्होंने कहा कि हमारे विपक्षी दलों के पास दौलत है, सत्ता है, ताकत है, लेकिन हमारे पास आम आदमी की ताकत है, जिसने अंग्रेजों को इस देश से उखाड़ फेंका था, और अब यही आम आदमी इस देश से भ्रष्टाचारियों की सत्ता को भी उखाड़ फेंकेगा. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में बदलाव के लिए, रोजगार के लिए, नई सत्ता को लाना जरूरी है लेकिन अगर यह सत्ता कांग्रेस की हुई तो महज सत्ता ही बदलेगी, बाकी व्यवस्था वैसी ही रहेगी. इसलिए आम आदमी का राज आना जरूरी है.
कांग्रेस और भाजपा की है मिलीभगत
प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने कहा कि जिस व्यवस्था में रोज पांच किसान और 92 बच्चे मर रहे हों, जहां दो युवा रोज आत्महत्या कर रहे हों, ऐसी सत्ता को बदलाना जरूरी ही नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी भी है. आम आदमी पार्टी प्रदेश में इस लूट और भ्रष्टाचार के राज को खत्म करेगी और आम आदमी का राज लाएगी. उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल एक दूसरे से मिले हुए हैं और आज विधानसभा सत्र के खत्म होते ही एक बार फिर यह साबित हो गया. भाजपा सरकार ने विधानसभा को महज अपने बजट पारित करने का मंत्रालय बना रखा है और कांग्रेस भी विरोध का दिखावा करती है, लेकिन असल में वह विपक्ष की अपनी जिम्मेदारी को नहीं निभा रही है. पिछले दिनों अविश्वास प्रस्ताव का भी कांग्रेस ने महज दिखावा किया. उधर भाजपा ने उसे सार्वजनिक नहीं किया और इस तरह दोनों की मिलीभगत के बीच जनता को ठगा गया है. उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है कि आम आदमी पार्टी का हर कार्यकर्ता आज से विधानसभा चुनाव के महासमर में इस भ्रष्ट सत्ता को उखाड़ फेंकने के लिए कमर कस चुका है. आज प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही पार्टी ने आम आदमी के राज लाने की लड़ाई का शंखनाद कर दिया है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें