शुक्रवार, 29 जून 2018

स्कूलों के विकास में सीएसआर फंड का उपयोग हो


स्कूल शिक्षा मंत्री कुंवर विजय शाह ने कहा है कि सरकारी स्कूलों के विकास में जन-भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रणाम पाठशाला विद्यालय उपहार योजना चलाई जा रही है. इसके अच्छे परिणाम भी मिले हैं. प्रदेश में कापोर्रेट सोशल रिस्पांसबिलिटी (सीएसआर) फण्ड का उपयोग सरकारी स्कूलों के विकास और गुणवत्ता बढ़ाने के लिए बेहतर तरीके से किया जा सकता है. 
स्कूल शिक्षा मंत्री कुंवर शाह मंत्रालय में इस योजना के क्रियान्वयन के लिए हुई बैठक को संबोधित कर रहे थे. बैठक में उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि प्रदेश में सीएसआर फंड में करीब 500 करोड़ रुपए की राशि होती है. इस राशि के बेहतर उपयोग के लिए उन्होंने राज्य-स्तर पर समिति गठित किए जाने की बात कही. बताया गया कि प्रणाम पाठशाला उपहार योजना में पिछले कुछ माहों में करीब 6 करोड़ 25 लाख की राशि जन-भागीदारी से एकत्र की गई है. इस राशि का उपयोग सरकारी स्कूलों के विकास के लिए किया जा रहा है. सीएसआर फण्ड का उपयोग शालाओं में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, ओवरहेड टैंक, खेल मैदान का विकास, शाला भवन का पुनर्निर्माण, पुस्तकालय का विकास और विज्ञान प्रयोगशाला के विकास में मुख्य रूप से किया जा सकता है.
बताया गया कि प्रदेश में कक्षा-1 से 12 तक के करीब एक लाख 20 हजार सरकारी स्कूल हैं और इनमें करीब 92 लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं. बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग की प्रमुख सचिव दीप्ति गौड़ मुखर्जी, आयुक्त लोक शिक्षण जयश्री कियावत, एम.डी. ट्रायफेक विवेक पोरवाल और संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र लोकेश जाटव उपस्थित थे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें