बुधवार, 27 जून 2018

सभी योजनाओं के लक्ष्य जल्द ही पूरा करें


अनुसूचित जाति कल्याण राज्य मंत्री लाल सिंह आर्य ने कहा है कि योजनाओं का लक्ष्य जल्द ही पूरा करें. उन्होंने कहा कि आगामी समीक्षा बैठक 15 जुलाई के आसपास की जाएगी. आर्य मध्यप्रदेश राज्य सहकारी अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम मर्यादित की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे. बैठक में उपाध्यक्ष भुजबल अहिरवार और प्रबंध संचालक विनोद कुमार उपस्थित थे.
आर्य ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री कृषक उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री स्व-रोजगार योजना, मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना और सावित्री बाई फूले स्व-सहायता समूह योजना की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने पिछले और इस वित्तीय वर्ष में दिये गये लक्ष्यों पर किए गए कार्य की जानकारी हासिल की. आर्य ने लक्ष्य पूरा न करने वाले जिलों को शो-काज नोटिस देने को कहा. आर्य ने लक्ष्य पूरा न होने वाले जिला कलेक्टरों को भी अवगत करवाने के निर्देश दिए. इसी प्रकार उन्होंने अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों से भी कारण जानने के लिए पत्राचार करने के निर्देश दिए. प्रति सप्ताह पत्रक में जानकारी भेजने और आनलाइन साफ्टवेयर प्रक्रिया के जरिये जानकारी प्राप्त करने की कार्यवाही जल्द पूरी करने को कहा.
राज्य मंत्री आर्य ने कहा कि अधिकारी रूचि लेकर प्रकरण बनाए और स्वीकृत करवाए. अगर बैंकों में किसी प्रकार की दिक्कत आए तो लिखित में विभाग को सूचित करें. साथ ही, अधिकारी आदेश और निदेर्शों का अध्ययन करते रहें.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें