रविवार, 24 जून 2018

अजय सिंह के निवास पर भाजपा महिला मोर्चा ने किया प्रदर्शन


विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह का पारिवारिक विवाद गहरा गया है. आज भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने उनके निवास पर प्रदर्शन किया और अजय सिंह से अपनी मां को घर ले आने का आग्रह किया. इस दौरान शिवाजी नगर स्थित शासकीय आवास के अलावा अजय सिंह की केरवा कोठी पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे.
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह का पारिवारिक विवाद अब और गहरा गया है. भाजपा इसे लेकर अजय सिंह को घेर रही है. भाजपा की ओर से भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने अजय सिंह के निवास पर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन को देखते हुए नेता प्रतिपक्ष के निवास एवं केरवा कोठी पर पुलिस बल बढ़ा दिया था. महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने दोपहर को अजय सिंह के शिवाजी नगर स्थित शासकीय आवास पर प्रदर्शन किया. महिला कार्यकर्ताओं ने इस दौरान उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अजय सिंह ने आग्रह किया कि वे अपनी मां को घर ले आएं. 
बताया जा रहा है कि भाजपा महिला मोर्चा ने अब अजय सिंह के विरोध में संभाग और जिला मुख्यालयों पर जुलूस निकालकर इस मुद्दे पर अजय सिंह का विरोध करने की रणनीति बनाई है. इस रणनीति के तहत प्रदेशभर में जल्द ही प्रदर्शन किए जाएंगे. हालांकि राजधानी भोपाल में आज जो प्रदर्शन किया गया, उसके पीछे मूल कारण यह भी रहा कि कल सोमवार को विधानसभा का मानसून सत्र शुरु होगा और अजय सिंह इस सत्र में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आ रहे हैं, इस अविश्वास प्रस्ताव को देखते हुए भाजपा सक्रिय हुई है. सरकार के खिलाफ पूर्व में भी अविश्वास प्रस्ताव अजय सिंह लाए थे, मगर तब चौधरी राकेश सिंह ने इसका विरोध कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी, जिसके चलते यह अविश्वास प्रस्ताव गिर गया था.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें