रविवार, 3 जून 2018

भाजपा ने चुनाव के लिए बनाई समितियां

 पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सहित आधा दर्जन मंत्रियों को नहीं किया शामिल
मध्य प्रदेश में मिशन 2018 फतेह करते हुए चौथी बार सरकार बनाने के लिए भाजपा ने अपने बड़े सिपाहसालरों को जिम्मेदारी सौंप दी है. केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की अध्यक्षता में हुई भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में भाजपा ने अपने चुनावी समितियों  की घोषणा कर दी है. समिति में जहां प्रदेश के बड़े नेताओं को साधने की कोशिश की गई. वहीं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान का नाम भी समिति से गायब है. इसके अलावा कई मंत्रियों को भी समिति से दूर रखा गया है.
भाजपा द्वारा विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी है. इसके लिए समितियों की घोषणा कर दी गई है. इसके तहत चुनाव दृष्टि पत्र  समिति में संयोजक विक्रम वर्मा, सह संयोजक रघुनंदन शर्मा व प्रहलाद पटेल को बनाया गया है. 31 सदस्यीय इस समिति में  शिवराज सरकार के छह मंत्री व एक केंद्रीय मंत्री को शामिल किया गया है. 
जनआशीर्वाद यात्रा समिति के प्रभारी प्रभात झा को बनाया गया है.  संयोजक अजय प्रताप सिंह, सह संयोजक विश्वास सारंग व पंकज जोशी हैं, जबकि चार मंत्रियों समेत 17 सदस्य इस समिति में बनाए गए हैं. चुनाव प्रचार-प्रसार समिति का संयोजन विजेश लुनावत को बनाया गया है. इस समिति में सदस्य के रुप में आलोक शर्मा, राजेन्द्र राजपूत, बसंत गुप्ता, रजनीश अग्रवाल और चेतनसिंह को रखा है.  25 सितंबर को राजधानी में होने वाले कार्यकर्ता महाकुंभ के लिए भी समिति बनाई गई है. इस समिति के संयोजक राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता को बनाया गया है, जबकि सह संयोजक विधायक रामेश्वर शर्मा को बनाया है. इसके अलावा समिति में सदस्य के रुप में सुरेंद्रनाथ सिंह, कृष्णा गौर, ओम यादव, आलोक संजर, रामदयाल प्रजापति व भगवानदास सबनानी को स्थान दिया गया है. भाजपा द्वारा अर्थ संग्रह समिति भी बनाई गई है. इस समिति के  संयोजक कृष्ण मुरारी मोघे व सदस्य जयंत मलैया, राजेंद्र शुक्ला व हेमंत खंडेलवाल को बनाया गया है. 
चुनाव कार्यक्रम क्रियांवनय समिति का संयोजक विजेंद्र सिंह सिसोदिया व सह संयोजक आलोक संजर को बनाया गया है. वहीं विधानसभा सम्मेलन समिति  का  संयोजक विष्णुदत्त शर्मा व सह संयोजक नरेंद्र पटेल को नियुक्त किया है. मुख्यमंत्री के कार्यक्रम समिति का  संयोजक अरविंद भदौरिया व सह संयोजक रवींद्र यति को बनाया है.  राजनीतिक समन्वय समिति में संयोजक नरोत्तम मिश्रा व सदस्य रामपाल सिंह व नारायण त्रिपाठी को जिम्मेदारी दी है. पार्टी ने चुनाव प्रचार की रणनीति बनाने के लिए एक समिति बनाई है, जिसका जिम्मा सिर्फ भूपेंद्र सिंह को दिया गया है. पार्टी सूत्रों का कहना है कि चुनाव प्रबंधन समिति इसमें बाद में कुछ सदस्यों को और शामिल कर सकती है.
इन्हें रखा समिति से दूर
भाजपा द्वारा घोषित की गई समितियों में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान को कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई है. इसके अलावा आधा दर्ज मंत्रियों को भी समिति से दूर रखा गया है. दूर रखे गए मंत्रियों में  यशोधरा राजे सिंधिया, जयभान सिंह पवैया, डॉ. गौरीशंकर शेजवार, कुसुम सिंह मेहदेले, रुस्तम सिंह, ओमप्रकाश धुर्वे, पारस जैन, सुरेंद्र पटवा है. इसके अलावा सांसद गणेश सिंह और ज्ञान सिंह को भी इस बार समिति में नहीं रखा है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें