शुक्रवार, 15 जून 2018

ई-टेंडरिंग घोटाला मध्यप्रदेश का वाटरगेट कांड



नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि मध्यप्रदेश में हुआ ई-टेंडरिंग घोटाला व्यापम से बड़ा और मध्यप्रदेश का वाटरगेट कांड है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार आने पर इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच सुप्रीम कोर्ट के जज से करवाई जाएगी. क्योंकि व्यापम घोटाले में जिस तरह मुख्यमंत्री और अब सीबीआई असली अपराधियों को सामने नहीं ला पाई उसी तरह इस घोटाले में भी लीपापोती की शुरूआत हो चुकी है.
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि ई-टेंडरिंग घोटाले का संबंध सत्ता के शीर्ष स्तर पर जुड़ा है, इसलिए इस सरकार से उम्मीद नहीं है कि वह इस पूरे घोटाले का सच व्यापम की तरह सामने आने देगी.  सिंह ने सवाल किया कि सरकार इस बात का खुलासा करे कि पी.डब्ल्यू.डी. के प्रमुख सचिव मोहम्मद सुलेमान निर्माण भवन पहुंचे थे जो पी.डब्ल्यू.डी. मुख्यालय है. यहां वे परियोजना क्रियान्वयन यूनिट में गए और वहां के संचालक की अनुपस्थिति में फाइलों के दो बस्ते बंधवाकर फाइलें ले गए. ये कौन सी फाइलें थी और ऐसा क्या पहाड़ टूट पड़ा कि उन्हें खुद फाइलें लेने नीचे उतरकर निर्माण भवन जाना पड़ा. नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा कि कई विभागों से जुड़े इस घोटाले का सच दबाने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं. मुख्यमंत्री इस मामले में भी व्यापम की तरह जांच के निर्देश दे रहे हैं लेकिन असलियत यह है कि घोटालों से जुड़े सभी तथ्यों के साथ उसी तरह छेड़छाड़ की जा रही है जिस तरह व्यापम के मामले में की गई थी.
नेता प्रतिपक्ष सिंह ने आरोप लगाया कि इस पूरे घोटाले में मुख्यमंत्री के पंच प्यारों का हाथ है, समय आने और प्रमाण मिलते ही इन पंच प्यारों का नाम उजागर किया जाएगा. नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने ईद पर प्रदेश के नागरिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी. नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने ईद पर प्रदेश के नागरिकों को मुबारकवाद दी है. सिंह ने कहा है कि ईद हमारी गंगा जमुनी तहजीब का प्रतीक है. यह पर्व आपसी भाईचारे को मजबूत बनाता है. सिंह ने कहा कि प्रदेश के सभी नागरिक मिल जुलकर सभी पर्व मनाएं और प्रदेश की सुख, शांति और समृद्धि के लिए एकजुट होकर योगदान दें.


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें