शुक्रवार, 8 दिसंबर 2017

फांसी की पहल, शिवराज का अभिनंदन 14 को


भाजपा, हाल ही में विधानसभा के शीतकालीन सत्र में पास किए महिला सुरक्षा विधेयक को हथियार बना रही है. राज्य में चौथी बार सरकार बनाने का सपना देख रही, भाजपा अब इस विधेयक की जानकारी गांव-गांव आमजन तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है. भाजपा ने इसके लिए नया नारा ‘ नारी के सम्मान में, शिवराजसिंह मैदान में’ गढ़ा है.
भाजपा ने यह नारा आज प्रदेश भाजपा कार्यालय में महिला मोर्चा अ.र पदाधिकारियों की बैठक में लिया. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमारसिंह, संगठन महामंत्री सुहास भगत की उपस्थिति में महिला मोर्चा के अलावा अन्य पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए. बैठक में महिला सुरक्षा विधेयक की जानकारी पदाधिकारियों को दी. साथ ही इसे गांव-गांव, जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति तय की गई. बैठक में विधेयक की प्रशंसा करते हुए यह तय किया गया कि जिला और प्रदेश पदाधिकारी इस विधेयक को जन-जन तक पहुंचाएंगे और लोगों के बीच शिवराज सरकार के कामों की सराहना करेंगे. यह नारा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने दिया. उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि बैठक के बाद अब वे सभी अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के द्वारा महिला सुरक्षा को लेकर लाए गए विधेयक की जानकारी लोगों को दें और यह संदेश दें कि प्रदेश की शिवराज सरकार महिला अपराधों के खिलाफ सख्त है. इसके अलावा बैठक में ‘नारी के सम्मान में, शिवराजसिंह मैदान में’ का नारा दिया गया. बैठक में 14 दिसंबर को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के सम्मान करने का फैसला लिया गया. सम्मान समारोह में महिला सामाजिक संगठनों को शामिल करने का फैसला भी लिया गया. 
बैठक में महिला सशक्तिकरण से जुड़ी सरकार की अन्य योजनाओं पर चर्चा हुई. इन योजना के फायदे किस तरह से महिलाओं तक पहुंचाए जाएं इस बारे में भी कार्यकर्ताओं को बताया गया. बैठक में लाड़ली, लक्ष्मी, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, जननी सुरक्षा सहित अन्य योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं के सम्मेलन आयोजित करने पर भी विचार किया गया. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें