शुक्रवार, 8 दिसंबर 2017

दुष्कर्म कर आग लगा दी

मध्य प्रदेश में लड़कियों के साथ दुष्कर्म के मामले लगातार बढ़ रहे है. एक ताजा मामले में सागर जिले में गुरुवार की रात को दो युवकों ने आठवीं कक्षा की छात्रा के साथ दुष्कर्म किया. किशोरी के शोर मचाने पर युवकों ने उसके ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी. किशोरी की हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस ने पूरे मामले में दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना के वक्त लड़की घर में अकेली थी. आरोपी नजदीक के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं. जांच अधिकारी महेंद्र सिंह धाकड़ ने बताया कि देवल गांव में गुरुवार रात को किशोरी अपने घर पर अकेली थी तभी दो युवक वहां पहुंचे और उससे छेड़छाड़ करने लगे. आरोप है कि बाद में किशोरी को आग के हवाले कर दिया गया. किशोरी की हालत गंभीर है और उसे सागर के चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है. पीड़िता के चाचा ने बताया कि उनकी भतीजी घर पर अकेली थी तभी दो युवक आए. दोनों ने किशोरी से छेड़छाड़ और दुष्कर्म किया. किशोरी के शोर मचाने पर आरोपियों ने उस पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी. वह किसी तरह घर से बाहर निकली तो पड़ोसियों ने आग बुझाई. उसकी हालत गंभीर है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें