सोमवार, 18 दिसंबर 2017

नाती ने नाना को पेटीएम से लगाई 2 लाख की चपत

आनलाइल एप्लिकेशन पेटीएम के जरिए एक युवक ने अपने नाना को दो लाख रुपए की चपत लगाई. खाते से अचानक पैसे निकल जाने के बाद नाना ने भोपाल साइबर क्राइम थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने जांच के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया है.
भोपाल साइबर क्राइम पुलिस के अनुसार पकड़ाए गए आरोपी की पहचान आयुष चौधरी उम्र 20 वर्ष निवासी होशंगाबाद रोड भोपाल, के रूप में हुई है. साइबर क्राइम पुलिस के अनुसार मुगालिया थाना क्षेत्र में रहने वाले गोटूलाल दामड़े ने पुलिस को शिकायत की थी. इस शिकायत में उन्होंने बताया कि स्टेट बैंक में उनका खाता है. वे पास बुक में एंट्री कराने गए थे, तब उन्हें पता चला कि खाते से दो लाख रुपए ट्रांसफर हुए है, इन रुपयों का ट्रान्सेक्शन किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा किया गया है, जिसकी जानकारी उन्हें नहीं है. पुलिस ने इस शिकायत के बाद जांच शुरु की. जांच में पेटीएम की जिस एप्लिकेशन के माध्यम से यह रुपया निकाला गया था, उसकी जांच की गई. इसके साक्ष्यों के आधार पर आयुष चौधरी द्वारा यह राशि पेटीएम के जरिए से बैंक खातों में ट्रान्सफर किया जाना पता चला. इसके बाद आयुष से पूछताछ की, तो उसने रुपए निकालना कबूल किया. आयुष चौधरी, फरियादी गोटूलाल दामड़े, का सगा नाती है.  आरोपी ने अपने नाना को झांसे में लेकर उनका एटीएम पासवार्ड पता लगा लिया था.  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें