गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिले बहुमत को देख आज प्रदेश भाजपा कार्यालय में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्याकर्ताओं ने जश्न मनाया. जश्न मनाने मुख्यमंत्री शिवराजसिंंह चौहान भी प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार में विरोधियों ने कई तरह के तीर चलाए, मगर काम एक भी नहीं आया. भाजपा में जहां खुशी का माहौल था, तो कांग्रेस में सन्नाटा पसरा था. मगर कांग्रेस इस बात को लेकर आश्वस्त नजर आई कि परिणाम जो भी हों, वह मोदी के प्रचार के बाद भी भाजपा के वोट में सेंधमारी करने में सफल रही.
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आज सुबह से जश्न का माहौल बन गया. पार्टी कार्यालय में उस वक्त भीड़ जमा हो गई जब गुजरात और हिमाचल में भाजपा को बहुमत हासिल होते नजर आया. यहां पर कार्यकर्ताओं के अलावा पदाधिकारी भी पहुंचे और एक-दूसरे को बधाई देते हुए मिठाई खिलाई. कार्यकर्ताओं के साथ जीत का जश्न मनाने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान भी प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे. यहां पर उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. मुख्यमंत्री ने गुजरात के अलावा हिमाचल में मिली भाजपा की जीत को ऐतिहासिक बताया. उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान विरोधियों ने कई तरह के तीर चलाए, मगर एक भी तीर काम नहीं आया. मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा चुनाव में मिली भाजपा की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को बधाई दी है, साथ ही उन्होंने इस जीत का श्रेय भाजपा अध्यक्ष को देते हुए कहा कि यह जीत अमित शाह और कार्यकर्ताओं के अथक प्रयास का सुखद परिणाम है.
भारतीय जनता पार्टी की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान का कहना है कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली बढ़त से कार्यकर्ता उत्साहित हैं. उन्होंने इस बढ़त का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कार्यकर्ताओं को दिया. चौहान ने कहा, भाजपा के पास मोदी जैसा नेता और करोड़ों कार्यकर्ता हैं. इसी के बल पर भाजपा बढ़त बनाती है. मोदी देश के लोकप्रिय नेता हैं और देशहित के लिए कठोर से कठोर फैसले लेते हैं. इसके अलावा भाजपा के पास समर्पित और सक्षम कार्यकर्ता हैं. चौहान ने कहा कि नरेन्द्र मोदी और शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत तय है. सरकारी की उपलब्धियों और कार्यकर्ताओं के परिश्रम के बल पर हम प्रदेश में चौथी बार भाजपा की सरकार बनाएंगे. सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग का कहना है कि जनता ने कांग्रेस की जातिगत राजनीति को विकास की राजनीति से जवाब दिया है. गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनाव परिणाम पर उन्होंने कहा कि पूरे देश में मोदी की लहर है. प्रधानमंत्री ने गुजरात के साथ ही देश का जो विकास किया है उसी विकास के आधार पर ही जनता ने बीजेपी का साथ दिया है. कांग्रेस ने जो जाति की राजनीति की है, जनता ने उसे विकास की राजनीति से जवाब दिया है.
सेंधमारी करने में सफल रही कांग्रेस
गुजरात चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रचार के बाद भी कांग्रेस उनके वोट में सेंधमारी में सफल हुई है और आगामी चुनाव में कांग्रेस और मजबूती के साथ उभर कर आएगी. यह बात मध्यप्रदेश कांग्रेस ने अपनी पार्टी की मजबूती दर्शाते हुए कही. मिश्रा ने कहा है कि में प्रधानमंत्री मोदी के प्रचार के बाद भी कांग्रेस उनके वोट में सेंधमारी में सफल हुई है. उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में कांग्रेस और मजबूती के साथ उभर कर आएगी. बता दें गुजरात और हिमांचल के चुनाव परिणाम आने के बाद राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस दफ्तर में पूरी तरह से चुनाव की हार का सन्नाटा देखने को मिला.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें