![]() |
| अर्चना चिटनीस |
प्रदेश सरकार जल्द ही रेप पीड़िताओं को बंदूक का लाइसेंस देने का फैसला लेने वाली है. इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग ने एक प्रस्ताव मुख्यमंत्री शिवराजसिंंह चौहान को भेजा है. विभाग का मानना है कि पीड़िताओं को उनकी सुरक्षा और आत्म विश्वास को बढ़ाने के लिए बंदूक का लायसेंस दिया जाना आवश्यक है.
राजधानी भोपाल सहित प्रदेश में लगातार हो रही दुष्कर्म की घटनाओं को देखते हुए राज्य के महिला एवं बाल विकास विभाग ने एक प्रस्ताव तैयार किया है. प्रस्ताव में बलात्कार पीड़िताओं को बंदूक के लायसेंस देने की बात कही है. विभाग चाहता है कि पीड़िताओं को लायसेंस दिए जाने पर वे अपनी सुरक्षा तो कर सकेंगे साथ ही उनका अपना आत्मविश्वास भी बढ़ेगा और वे अपनी सुरक्षा कर सकेंगे. मुख्यमंत्री को भेजे इस प्रस्ताव में विभाग की ओर से कहा गया है कि दुष्कर्म पीड़िता अगर बंदूक के लायसेंस की मांग करती है तो उसे तुरंत लायसेंस दिया जाना चाहिए. इसके लिए शस्त्र नियम 2016 का पूरी तरह से ध्यान रखा जाना चाहिए. विभाग का तर्क यह भी है कि सभी दुष्कर्म पीड़िताओं को हर वक्त सुरक्षा दे पाना संभव नहीं होता. कई मामलों में देखा गया है कि आरोपी पीड़िता को धमकाने की कोशिश करता है, इसे रोकने के लिए बंदूक का लाइसेंस दिया जाए.
महिला एवं बाल विकास मंत्री अर्चना चिटनीस का इस मामले में कहना है कि दुष्कर्म की कई घटनाओं में देखने में आया है कि पीड़िता को अपनी जान का डर बना रहता है. दुष्कर्म पीड़िता को शस्त्र लाइसेंस दिए जाने से न केवल उसकी सुरक्षा होगी, बल्कि उसका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा, इसके लिए प्रस्ताव भेजा गया है.
![]() |
| शिवराजसिंह चौहान |
भाजपा महिला मोर्चा कल 14 दिसंबर को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का सम्मान करेगा. मोर्चा द्वारा मुख्यमंत्री का यह सम्मान हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा के शीतकालीन सत्र में सरकार द्वारा दंड विधि संशोधन विधेयक पारित कराने को लेकर किया जा रहा है. इस विधेयक में 12 साल से कम उम्र की बच्चियों से बलात्कार करने बालों को फांसी दिए जाने का प्रावधान है. हालांकि अभी यह तय नहीं है कि यह विधेयक कानून का रूप कब लेगा, लेकिन भाजपा को लगता है मुख्यमंत्री ने बहुत ही क्रांतिकारी काम किया है.
महिलाओं के जख्मों पर नमक न छिड़के भाजपा
कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के सम्मान समारोह पर सवाल उठाते हुए कहा है कि यह समारोह महिलाओं के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है. कांग्रेस प्रवक्ता के.के. मिश्रा ने कहा है कि जिस राज्य में हर दो घंटे में एक महिला बलात्कार का शिकार हो रही हो, हजारों महिलाएं लापता हों, वहां एक संशोधन की आड़ में राजनीतिक फायदा लेने के लिए मुख्यमंत्री का महिलाओं से सम्मान कराया जाना शर्मनाक है. मिश्रा ने महिलाओं से जुड़े अपराधों के आंकड़े जारी करते हुए मुख्यमंत्री से पूछा है, 'आप खुद को बच्चियों के मामा बताते हो क्या आप यह बता सकते हो कि 12 साल के आपके राज में कितने बलात्कारियों को सख्त सजा मिली है? उन्होंने मुख्यमंत्री को सलाह दी है कि कम से कम महिला अस्मिता को तो राजनीतिक फायदे से न जोड़ें?


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें