मंगलवार, 12 दिसंबर 2017

मंत्री लालसिंह आर्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पहुंची भोपाल

नहीं मिले मंत्री, वारंट तामिल कराकर वापस गई पुलिस


प्रदेश के सामान्य प्रशासन मंत्री लाल सिंह आर्य की गिरफ्तारी के लिए मंगलवार को भिंड पुलिस भोपाल पहुंची. पुलिस ने मंत्री के बंगले पर उनकी तलाश की, मगर वे नहीं मिले. इसके बाद पुलिस ने वारंट तामिल कराया और उन्हें फरार बता दिया.
भिंड जिले के गोहद थाना के सब इंस्पेक्टर अंबरसिंह सिकरवार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मंत्री लालसिंह आर्य के चार इमली इलाके स्थित आवास बी-20 में जाकर गिरफ्तारी वारंट तामील कराया. गिरफ्तारी वारंट लेकर पहुंची टीम को मंत्री लालसिंह आर्य तो बंगले पर नहीं मिले, लेकिन भिंड से आई पुलिस टीम ने उनके बंगले के सुरक्षाकर्मी को गिरफ्तारी वारंट तामील कराया है.  गौरतलब है कि पूर्व कांग्रेस विधायक माखनलाल जाटव हत्याकांड मामले में स्पेशल जज योगेश कुमार गुप्ता की कोर्ट ने लालसिंह आर्य के खिलाफ 6 जमानती वारंट जारी करने के बाद सातवीं बार गैरजमानती वारंट जारी किया है. गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद लालसिंह आर्य पर जहां गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है.  वहीं विपक्ष मंत्री पद से इस्तीफे को लेकर दबाब बना रहा है. विपक्ष राज्यपाल से लालसिंह आर्य को बर्खास्त करने की मांग कर रहा है. हालांकि भाजपा ने लालसिंह आर्य का समर्थन करते हुए उन्हें निर्दोष बताया है और बर्खास्तगी और इस्तीफे की मांग को नकार दिया है. 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें