शुक्रवार, 8 दिसंबर 2017

देवर ने भाभी के साथ किया दुष्कर्म, पति ने कहा बदचलन


नवविवाहिता के साथ उसके सगे देवर ने दुष्कर्म किया. नवविवाहिता ने जब इसकी शिकायत सास और पति को की, तो उन्होंने देवर को बचाव करते हुए नवविवाहिता को बदलचलन कहकर मारपीट कर दी.
घटना से दुखी नवविवाहिता अपना ससुराल छोड़कर मायके शाजापुर चली गई. शाजापुर में युवती ने अपने देवर के खिलाफ दुष्कर्म करने और पति, सास, देवरानी के खिलाफ दुष्कर्म करने में मदद करने की रिपोर्ट लिखवाई. सुंदरसी थाना शाजापुर ने जीरो कायमी कर केस डायरी संबंधित निशातपुरा थाने को सौंपी है. निशातपुरा थाना पुलिस ने बताया कि 20 वर्षीय युवती की शिकायत पर आरोपी देवर हबीब पति हिफजू, देवरानी नाजिया और सास जाकिया के खिलाफ बलात्कार करने, गाली गलौच कर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि फरियादी युवती मूलत: शाजापुर की रहने वाली है. करीब डेढ़ साल पहले उसकी शादी जनता नगर करोंद निवासी हिफजू पिता शरीफ से हुई थी. नवविवाहिता का आरोप है कि शादी के बाद से उसका देवर हबीब, उसके साथ घर में छेड़छाड़ करता था. बीते 15 नवंबर को हबीब की पत्नी नाजिया की डिलेवरी होनी थी. परिवार के सभी सदस्य डिलेवरी के संबंध में सुल्तानिया अस्पताल पहुंचे थे और युवती घर पर अकेली  थी. इसी दौरान देवर हबीब घर पर आ गया. जान से मारने की धमकी देकर हबीब ने फरियादी के साथ दुष्कर्म किया.
पुलिस का कहना है कि जब युवती ने अपने साथ हुई ज्यादती की जानकारी पति हिफजू, देवरानी नाजिया और सास जकिया को दी, तो उन्होंने उसी पर लांछन लगाना शुरू कर दिया. इस दौरान पति हिफजू और सास जाकिया ने फरियादी के साथ मारपीट भी की थी. पुलिस का कहना है कि घटना के बाद नवविवाहिता अपना ससुराल छोड़कर शाजापुर स्थित मायके चली गई. यहां पर उसने  थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई. सुंदरसी थाने ने जीरो कायमी कर केस डायरी निशातपुरा थाने को सौंपी है. पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना शुरू की जा चुकी है. विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें