बुधवार, 13 दिसंबर 2017

मंत्री आर्य की बढ़ने लगी मुश्किलें, सहस्त्रबुद्धे आज करेंगे चर्चा

लाल सिंह आर्य 
सामान्य प्रशासन मंत्री लाल सिंह आर्य की मुश्किलें अब बढ़ती नजर आने लगी है. आर्य पर अब इस्तीफे देने का दबाव बन सकता है. इस मामले पर भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे कल 14 दिसंबर गुरुवार को पदाधिकारियों और मुख्यमंत्री शिवराजसिंंह चौहान से चर्चा करेंगे.
कांग्रेस विधायक माखन जाटव की हत्या मामले के आरोपी सामान्य प्रशासन मंत्री लाल सिंंह आर्य की गिरफ्तारी को लेकर एक ओर पुलिस उन्हें ढूंढ रही है, वहीं अब आर्य का समर्थन कर रही भाजपा भी इस मामले को लेकर गंभीर होती नजर आ रही है. कांग्रेस द्वारा आर्य को लेकर लगातार इस्तीफे की मांग की जा रही है, जिसे लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान मना कर चुके हैं, मगर मंगलवार को जब भिंड पुलिस आर्य को भोपाल तक खोजते हुए आई तो इसके बाद संगठन भी गंभीर हुआ. संगठन से प्रदेश भाजपा के प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे ने जानकारी मांगी है. वे कल गुरुवार को भोपाल आ रहे हैं. सहस्त्रबुद्धे इस मामले में संगठन पदाधिकारियों के अलावा मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से भी चर्चा करेंगे. संभावना जताई जा रही है कि पार्टी आर्य से इस्तीफा देने की बात कह सकती है. वहीं आर्य द्वारा ग्वालियर हाईकोर्ट में दायर याचिका पर 18 दिसंबर को सुनवाई होनी है, अगर उन्हें राहत नहीं मिलती है तो यह माना जा रहा है कि संगठन अब उनसे इस्तीफा ले लेगा. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें