निर्दलीय विधायक राय ने की इस्तीफे की पेशकश
 |
| दिनेश राय मुनमुन |
निर्दलीय विधायक दिनेश राय मुनमुन ने अपनी जानकारी असत्य साबित होने पर विधानसभा से इस्तीफा देने तक की पेशकश कर डाली. प्रश्नकाल के दौरान सिवनी से निर्दलीय विधायक दिनेश राय ने पेंच परियोजना से अपने क्षेत्र के 36 गांवों को पानी नहीं मिलने का मुद्दा उठाया. उन्होंने एक निजी कंपनी पर करोड़ों रुपए लेने के बाद भी काम पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए एक अधिकारी विशेष पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया. उन्होंने इस मामले में कृषि मंत्री गौरीशंकर बिसेन के गृह जिले और सिवनी से सटे बालाघाट को ज्यादा पानी पहुंचाए जाने का आरोप भी लगाया. बिसेन ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि बालाघाट में इसके माध्यम से कहीं सिंचाई नहीं होती. मंत्री के जवाब से असंतुष्ट होते हुए राय ने कहा कि अगर उनकी जानकारी असत्य होगी तो वे विधानसभा से इस्तीफा दे देंगे. उन्होंने अपने पास मौजूद जानकारियों को पटल पर रखने की अनुमति मांगी, लेकिन अध्यक्ष डा. सीतासरन शर्मा ने उन्हें अनुमति नहीं दी. अपनी मांग को लेकर वे आसंदी के पास तक पहुंच गए. निर्दलीय विधायक का समर्थन करते हुए नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने अध्यक्ष डा. शर्मा से अनुरोध किया कि इस संबंध में जांच के लिए सरकार को एक समिति बनाने का निर्देश दे दें. इसी बीच जलसंसाधन मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा की ओर से राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने सरकार का जवाब रखते हुए कहा कि परियोजना में अगर कोई पहलू तकनीकी तौर पर संभव नहीं हो पाता तो उसे पूरा नहीं किया जा सकता. सरकार का जवाब आने के बाद भी निर्दलीय विधायक राय लगातार सरकार पर एक अधिकारी को बचाने का आरोप लगाते हुए हंगामा करते रहे. इसी बीच अध्यक्ष डा. शर्मा ने उन्हें संबंधित मंत्री को पूरी जानकारी देने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि विधायक अगर इस विषय पर चर्चा चाहते हैं तो इसे किसी और नियम के तहत उठाएं. इसके बाद भी विधायक का हंगामा जारी रहा, लेकिन अध्यक्ष डॉ शर्मा ने सदन की कार्यवाही आगे बढ़ा दी.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें