रविवार, 7 जनवरी 2018

मध्यप्रदेश में दो माह में होगी 29 सौ प्राध्यापकों की नियुक्ति

उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया ने कहा कि प्रदेश में प्रदेश में आगामी दो माह के अंदर 2900 सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति की जाएगी, जिसकी प्रक्रिया जारी है. 
पवैया ने यह बात ग्वालियर कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के मध्य प्रांत इकाई द्वारा नव नियुक्त छात्र संघ पदाधिकारी सम्मेलन में कही. कार्यक्रम की अध्यक्षता दिल्ली विश्वविद्यालय की सचिव महामेगा नागर ने की तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रांत मंत्री बंटी चौहान उपस्थित थे. उन्होंने कहा कि 1974 में राष्ट्रनायक जयप्रकाश नारायण ने उन्हें यह मंत्र दिया था कि अगर जीवन में आगे बढ़ना है तो जोखिम लेना सीखो. यह मंत्र मेरे जीवन में बहुत सार्थक सिद्ध हुआ है. उन्होंने युवाओं को उनके कैरियर निर्माण के साथ-साथ व्यक्तित्व निर्माण की सलाह भी दी. इसके साथ ही उन्होंने राज्य सरकार द्वारा छात्रों के हित में उठाए गए निर्णयों से अवगत कराया. पवैया ने कहा कि सरकार छात्र संघ और प्रबंधन की बैठक आयोजन प्रक्रिया के संबंध में शीघ्र निर्देश जारी करेगी. प्रदेश में आगामी दो माह के अंदर 2900 सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति की जाएगी. जिसकी प्रक्रिया जारी है. साथ ही सरकार गेस्ट फैकल्टी के रूप में कार्य कर रहे सहायक प्राध्यापकों के हित में भी शीघ्र ही महत्वपूर्ण निर्णय लेगी. कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं  महामेगा नागर ने बताया कि छात्र संघ पदाधिकारी और युवा वर्ग अपने अंदर सकारात्मकता का विकास करें, जिससे उनकी अलग पहचान बन सकेगी. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से विभिन्न विषयों पर केवल विचार व्यक्त करने से काम नहीं चलता. इसके लिए आवश्यक है कि युवा वर्ग आगे आए और फील्ड में कार्य करके दिखाएं. उन्होंने छात्र संघ पदाधिकारियों से महाविद्यालय परिसर में छात्राओं की सुरक्षा पर विशेष जोर देने की अपील भी की. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें