रविवार, 7 जनवरी 2018

विकास के लिए कमी नहीं आने देंगे धनराशि की: चौहान

शिवराज सिंह चौहान 
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कोलारस के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी. विकास के लिए धनराशि की भी कमी नहीं आने दी जाएगी, जो घोषणाएं की गई हैं, उनके लिए बजट में प्रावधान किया गया है. मुख्यमंत्री ने यह बात कोलारस में निजी स्कूल में सर्वधर्म समाज सम्मेलन में व्यक्त किए. मुख्यमंत्री  ने कहा कि उन्होंने हमेशा मध्यप्रदेश को आगे ले जाने का कार्य किया है. प्रदेश सभी क्षेत्रों में आगे बढ़े, इसके लिए वे दिन-रात काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कोलारस में उन्हें जो प्यार एवं स्नेह मिला है, उससे वे काफी अभिभूत हैं. उन्होंने कहा कि स्वीकृत सिंचाई परियोजनाओं से क्षेत्र के किसानों की जिंदगी में बदलाव आएगा. चौहान ने कहा कि कोलारस नगर को सुंदर नगर बनाया जाएगा. आंतरिक सड़कों के साथ-साथ पेयजल समस्या का भी निराकरण किया जाएगा.
गुंजारी नदी का भी सौंदर्यीकरण होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुंजारी नदी का सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जो कोलारस की पहचान बनेगी. इस कार्य के लिए नगरीय विकास विभाग के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों की टीम भेजी जाएगी. सम्मेलन में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एवं जिला प्रभारी रूस्तम सिंह, जनसंपर्क, जल-संसाधन मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र, विधायक प्रहलाद भारती, मछुआ कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष  राजू बाथम, पूर्व मंत्री के.एल. अग्रवाल सहित विभिन्न समाज के प्रतिनिधि उपस्थित थे

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें