बुधवार, 3 जनवरी 2018

शौचालय निर्माण क्यों नहीं हुआ पूर्ण?


* मानव अधिकार आयोग ने बैतूल कलेक्टर से मांगा प्रतिवेदन 
मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने बैतूल जिला कलेकटर से शौच के लिए जंगल में गई युवती के साथ हुए बलात्कार की घटना का प्रतिवेदन मांगा है. आयोग ने जानना चाहा कि किन कारणों से युवती के घर पर बन रहा शौचालय अधूरा था.
आयोग ने बैतूल जिले के सांईखेड़ा क्षेत्र में शौच के लिए बाहर गई युवती के साथ राजेश काकोड़िया एवं बलराम धुर्वे द्वारा जबरन दुराचार करने के कारण आत्महत्या कर लेने के मामले में संज्ञान लिया है. आयोग ने इस सिलसिले में कलेक्टर बैतूल से प्रतिवेदन तलब करते हुए पूछा है कि मृतिका के घर शौचालय का निर्माण पूर्ण क्यों नहीं हुआ था. युवती उसके घर बन रहे शौचालय का निर्माण अधूरा रहने के कारण बाहर शौच के लिए गई थी, जहां उसके साथ दुराचार की घटना घटी.
मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने ग्वालियर शहर के माधवगंज क्षेत्र में स्कूल से निकाली गई छात्रा काजल के आत्महत्या करने पर संज्ञान लिया है. आयोग ने इस सिलसिले में जिला शिक्षा अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ग्वालियर से पन्द्रह दिवस में रिपोर्ट तलब करते हुए पूछा है कि क्या यह तथ्य सही हैं.
जेल में कैदी की मौत पर परिजनों का आरोप
आयोग ने रतलाम जिला जेल में एनडीपीएस एक्ट में करीब साढ़े तीन साल से सजा काट रहे बंदी प्रभुलाल की तबियत बिगड़ने पर मौत हो जाने के मामले में संज्ञान लिया है. मृतक के परिजनों ने जेल प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है. आयोग ने इस सिलसिले में जेल महानिदेशक, मध्यप्रदेश से प्रतिवेदन तलब किया है.
गलियों में छाया रहता है अंधेरा
आयोग ने कोलार को नगर निगम में विलय हुए करीब तीन साल बीतने के बाद भी स्ट्रीट लाईट की सुविधा नहीं मिल पाने और कोलार की कालोनियों के अंधेरे में डूबे रहने की स्थिति पर संज्ञान लिया है. आयोग ने इस मामले में आयुक्त, नगर निगम भोपाल से प्रतिवेदन तलब किया है. आयोग ने आयुक्त से जानकारी चाही है कि क्या उक्त क्षेत्र नगर निगम के अधीन है और यदि हां तो क्षेत्र कब से अधीन है और यहां स्ट्रीट लाईट की सुविधा क्यों नहीं उपलब्ध हो सकी है. रात्रि में ऐसे क्षेत्र में सुरक्षा कैसे सुनिश्चित हो सकेगी इस संबंध में क्या कोई कार्रवाई की गई है.


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें