शनिवार, 2 जून 2018

गरीब और मेहनतकश लोगों की खुशहाली ही राज्य सरकार का लक्ष्य : मुख्यमंत्री



मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश के गरीब और मेहनतकश लोगों के जीवन को खुशहाल बनाना ही राज्य सरकार का लक्ष्य है. इस लक्ष्य को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री जन-कल्याण (संबल) योजना गरीबों और मेहनतकश लोगों के विकास के लिये बनाई है. इस योजना में पात्र पंजीकृत हितग्राहियों को राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जायेगा.  चौहान आज रायसेन में तेन्दूपत्ता संग्राहक एवं असंगठित श्रमिक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे.
मुख्यमंत्री  चौहान ने कहा कि योजना में पंजीकृत श्रमिकों को आगामी 13 जून को विकासखंड मुख्यालयों पर कार्यक्रम आयोजित कर हित-लाभ वितरित किये जायेंगे. उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई भी गरीब भूखा नहीं सोयेगा. हर गरीब व्यक्ति को आवासीय जमीन का पट्टा देकर पक्के मकान का मालिक बनाया जायेगा. हर गरीब परिवार के लिये मुफ्त इलाज की व्यवस्था होगी. गरीब परिवार के बच्चों की पूरी पढ़ाई की फीस राज्य सरकार भरेगी.
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सम्मेलन में घोषणा की कि रायसेन जिला मुख्यालय पर सर्व-सुविधायुक्त इंजीनियरिंग कॉलेज खोला जायेगा. इससे जिले के प्रतिभाशाली बच्चों को इंजीनियरिंग की शिक्षा के लिये अन्यत्र नहीं जाना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिये महत्वपूर्ण योजनाएँ लागू की हैं.
 चौहान ने इस अवसर पर रायसेन जिले में 172 करोड़ लागत के विकास एवं निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया. साथ ही, मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना के 821 हितग्राहियों को 53 लाख 60 हजार रुपये सहायता राशि वितरित की. श्री चौहान ने अन्य योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को भी हित-लाभ वितरित किये और तेन्दूपत्ता संग्राहकों को चरण-पादुका पहनाई तथा पानी की कुप्पी भेंट की.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें