आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक अग्रवाल ने बताया कि हमारी प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया का पहला चरण आखिरी दौर में पहुंच चुका है. फिलहाल विधानसभा स्तर पर पर्यवेक्षकों की टीम कार्यकर्ताओं की बैठक कर रही है, जिसमें कई लोग विधानसभा चुनाव के लिए अपनी दावेदारी जता रहे हैं.
उन्होंने बताया कि 16 जून से प्रत्याशियों के इंटरव्यू का दौर शुरू हो जाएगा. प्रत्याशी चयन समिति के तहत यह कार्य 19 जून तक चलेगा. इंटरव्यू के बाद सामने आए नामों पर राज्य की पॉलिटिकल अफेयर कमेटी (पीएसी) प्रत्याशियों का चयन करेगी और पहली सूची पर राष्ट्रीय पॉलिटिकल अफेयर कमेटी (पीएसी) की मोहर के बाद 25 जून को नाम सार्वजनिक कर दिए जाएंगे. हाल ही में सामने आए ई-टेंडरिंग घोटाले पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि शिवराज सरकार में एक और घोटाला सामने आया है. यह घोटाला ई-टेंडरिंग घोटाला है. ई-टेंडरिंग घोटाले में बड़े पैमाने पर उन कंपनियों को काम दिया गया, जिन्हें नियमत: काम नहीं दिया जाना चाहिए था. शिवराज और भाजपा के पिछले 15 साल घोटालों का राज रहा है. इसी क्रम में यह नया घोटाला सामने आया है. यह घोटाला मंत्रियों और अधिकारियों के संलिप्तता के बगैर संभव नहीं है. आम आदमी पार्टी इसकी निंदा करती है साथ ही यह मांग करती है कि जिन कंपनियों को टेंडर दिया गया उन्हें तत्काल निरस्त किया जाए, इसकी जांच की जाए और जो भी मंत्री और अधिकारी दोषी पाए जाएं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए. आम आदमी पार्टी इस घोटाले और इसके पहले हुए सभी घोटालों को जनता के बीच ले जाएगी और लूट और भ्रष्टाचार की इस सरकार को उखाड़ फेंका जाएगा.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें