गुरुवार, 2 जनवरी 2020

सिंधिया द्वारा अधिकारियों की बैठक लेने का मामला गर्माया, राज्यपाल ने दिए जांच के निर्देश


कांग्रेस के महासचिव और पूर्व सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा ग्वालियर में अधिकारियों की बैठक लेने का मामला गर्मा गया है. इस मामले में मिली शिकायत पर राज्यपाल लालजी टंडन ने जांच के निर्देश दिए हैं. राजभवन ने सामान्य प्रशासन विभाग को नियमानुसार कार्यवाही करने के लिए कहा है.
कांग्रेस महासचिव और पूर्व सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर में कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियों की एक बैठक ली थी. इस बैठक की शिकायत हाईकोर्ट ग्वालियर के एडवोकेट अवधेश सिंह तोमर ने राज्यपाल लालजी टंडन से की थी, जिसमें कहा गया था कि ज्योतिरादित्य सिंधिया किसी भी संवैधानिक पद पर नहीं है. बावजूद इसके वह ग्वालियर जिले के कलेक्टर, कमिश्नर, स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को बुलाकर अपने महल में बैठक ले रहे हैं, जो कि गलत है और अवैधानिक है.राज्यपाल ने गंभीरता से लिया और इस मामले में सामान्य प्रशासन विभाग को नियमानुसार कार्यवाही करने को कहा है. शिकायत में यह भी सवाल उठाए गए थे कि प्रशासन किस हैसियत से ज्योतिरादित्य सिंधिया से सरकारी बैठकों की अध्यक्षता करवा रहे हैं. शिकायत मिलने बाद राजभवन ने सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव को जांच के नियमानुसार कार्यवाही के लिए पत्र लिखा है. अधिवक्ता की इस शिकायत के बाद राज्यपाल ने इस मामले में सामान्य प्रशासन विभाग के अवर सचिव को जांच के बाद नियमानुसार कार्यवाही करने के आदेश दिए हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें