सोमवार, 20 जनवरी 2020

अफसरों की कार्रवाई से नाराज हुए मुख्यमंत्री, दिए सख्त निर्देश


प्रदेश में भू माफियाओं के खिलाफ चल रही कार्रवाई में आम आदमी के परेशानी सामने आई तो मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अधिकारियों की इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई. मुख्यमंत्री की नाराजगी के बाद मुख्य सचिव एस.आर.मोहंती ने कमिश्नर को पत्र लिखकर निर्देश दिए हैं कि अतिक्रमण की कार्रवाई के नाम पर अनावश्यक लोगों को परेशान न किया जाए.
राज्य में माफिया के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के तहत नगर निगम, राजस्व विभाग और जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के नाम पर लोगों को नोटिस थमाए गए हैं. भोपाल के अलावा इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर सहित अन्य शहरों में भी इसी तरह की कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई. बड़ी संख्या में जब इस तरह के नोटिस दिए गए और यह मामला जब मुख्यमंत्री कमलनाथ के सामने आया तो उन्होंने नाराजगी जताई. उन्होंने इस संबंध में मुख्य सचिव एस.आर.मोहंती से चर्चा की और अधिकारियों द्वारा की जा रही इस तरह की कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताई है. मुख्यमंत्री की नाराजगी को लेकर मुख्य सचिव एस.आर. मोहंती ने सभी संभागीय कमिश्नर को पत्र लिखकर सख्त हिदायत दी है, साथ ही ये भी कहा है कि, अतिक्रमण की कार्रवाई के नाम पर आनावश्यक लोगों को परेशान ना किया जाए. मुख्य सचिव ने मोहंती लिखा है कि, इस संबंध में मेरे निर्देश बहुत स्पष्ट है कि कार्रवाई अवैध कार्यों में लिप्त माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करनी है. नशे के अवैध व्यापार में लिप्त, अवैध वसूली, गुंडागर्दी करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी है, जो लोगों को लगातार परेशान कर रहे हैं.
आम आदमी न हो परेशान
जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने भी मुख्यमंत्री कमलनाथ के निर्देश को लेकर कहा है कि माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई के दौरान आम आदमी बिल्कुल परेशान नहीं हो. वहीं मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव ने संभायुक्त ने एक्शन प्लान बनाकर अधिकारियों को काम करने के निर्देश दिए हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें