विवेकानंद जयंती पर राजधानी सहित पूरे प्रदेश में हुआ सूर्य नमस्कारमध्यप्रदेश में स्वामी विवेकानंद की जयंती पर आज स्कूलों मेंं सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए और सूर्य नमस्कार किया. राजधानी में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री डा. प्रभुराम चौधरी सूर्य नमस्कार में शामिल हुए और योग किया. उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि योग को रस्म अदायगी ना बनाकर अपनी दिनचर्या में शामिल करें, ताकि शारीरिक और मानसिक विकास हो.
स्वामी विवेकानंद की जयंती को युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है, इसके चलते रविवार को प्रदेशभर में सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया. राजधानी भोपाल के उत्कृष्ट विद्यालय में हजारों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने मिलकर सूर्य नमस्कार किया. इस दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री प्रभुराम चौधरी, शिक्षा विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे. कार्यक्रम में सबसे पहले वंदे मातरम और मध्यप्रदेश गान के बाद स्वामी विवेकानंद के शिकागो में दिए भाषण के अंश प्रस्तुत किए गए. जिसके बाद सूर्य नमस्कार की क्रियाएं संपन्न हुई. स्कूल शिक्षा मंत्री ने सूर्य नमस्कार को लेकर छात्रों को यह संदेश दिया कि इसे केवल रस्म अदायगी ना बनाकर अपने दिनचर्या में शामिल करें, जिससे शारीरिक और मानसिक विकास होगा. शिक्षा मंत्री ने कहा कि सूर्य नमस्कार में की जाने वाली योग विधाएं व्यक्ति के शारीरिक बौद्धिक विकास के लिए जरूरी हैं, इसलिए इसके महत्व को समझते हुए विभाग ने सूर्य नमस्कार को जारी रखा है, प्राचीन काल से ऋषि मुनियों ने इसे अपनाया है स्वामी विवेकानंद ने इसे जनमानस तक पहुंचाया है. उन्होंने कहा कि स्कूलों में खेलकूद सामग्री के लिए 8 करोड रुपए की राशि जारी की है. अभी बहुत कुछ काम करने की जरूरत है. अतिथि शिक्षकों को हमारी सरकार ने 25 बोनस अंक दिए, ताकि वे निरंतर काम कर सकें. भर्ती में 25 फीसदी पद भी आरक्षित किये हैं.
राजधानी के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम लाल परेड मैदान में नगर निगम द्वारा स्वामी विवेकानंद जयंती पर युवा दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें महापौर आलोक शर्मा सहित अन्य कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए. इस दौरान महापौर युवाओं को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई. उन्होंने स्वामी विवेकानंद के मार्ग पर चलने का आव्हान भी युवा पीढ़ी से किया.
मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर उन्हें नमन करते हुए युवाओं को राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं दी हैं. कमलनाथ ने ट्वीट के जरिए स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध वाक्य 'उठो, जागो और तब तक रुको नहीं, जब तक कि तुम अपना लक्ष्य प्राप्त नहीं कर लेते' का जिक्र करते हुए उन्हें नमन किया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रखर वक्ता, युवाओं के प्रेरणास्त्रोत स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उन्हें शत शत नमन.
विवेकानंद के श्लोक के माध्यम से किया सरकार पर हमला
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज स्वामी विवेकानंद जयंती पर उनके श्लोकों के माध्यम से प्रदेश में कमलनाथ सरकार द्वारा शराब ठेकेदारों को शहरी और ग्रामीण इलाके में उपदुकान खोलने की कम लाइसेंस फीस के साथ अनुमति देने पर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है. पूर्व मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि आज स्वामी विवेकानंद जयंती है, जो शराब जैसे नशे को देश व युवाओं के लिये विनाशकारी मानते थे. उनकी जयंती पर मैं संकल्प लेता हूं कि यदि मुख्यमंत्री कमलनाथ की सरकार ने इस फैसले को वापस नहीं लिया, तो मैं जनता के साथ सड़क पर उतरकर शांतिपूर्ण लेकिन घनघोर विरोध करूंगा. शिवराज ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि मनुष्य केवल साढ़े तीन हाथ का हाड़-मांस का पुतला नहीं है. वह अमृत का पुत्र है, ईश्वर का अंश है, अमर-आनंद का भागी है और अनंत शक्तियों का भंडार है. दुनिया में कोई काम ऐसा नहीं जो वो न कर सके.
निकाली युवा संकल्प वाहन रैली
राजधानी भोपाल में राष्ट्रीय युवा दिवस पर युवा संकल्प वाहन रैली निकाली गई. रैली शहर के विभिन्न मार्गों से निकली.पालिटेक्निक चौराहे पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया. युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डा. अभिलाष पाण्डे ने बताया कि विवेकानंद जयंती पर सभी जिला केन्द्रों पर कार्यक्रम हुए. इन केंद्रों पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर युवा मोर्चा कार्यकतार्ओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर नागरिकता संशोधन कानून के प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया. मोर्चा के सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सीएए को लेकर जनजागृति के प्रयास करेंगे.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें