बुधवार, 22 जनवरी 2020

भाजपा कार्यकर्ता की आवाज को कुचलना चाहती है कमलनाथ सरकार

राकेश सिंह
 भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा सरकार चलाना होगा मुश्किल

मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में तिरंगा यात्रा के दौरान प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को मारे गए थप्पड़ को लेकर सियासत थम नहीं रही है. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह ने आज आरोप लगाया कि राज्य की कमलनाथ सरकार कार्यकर्ता की आवाज को कुचलना चाहती है. उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि अगर कार्यकर्ता की आवाज इस तरह कुचली गई तो भाजपा प्रदेश में मुख्यमंत्री कमलनाथ को सरकार चलाना मुश्किल होगा.
राजगढ़ जिले के ब्यावरा में बीते दिनों दिनों तिरंगा यात्रा के दौरान प्रदर्शनकारियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के बीच हुए विवाद के बाद मारे गए थप्पड़ को लेकर राजनीति तेज थम नहीं रही है. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव कलेक्टर के खिलाफ एफआईआर की मांग को लेकर आज राजगढ़ पहुंचे और प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई को अनुचित बताया. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ जिस बर्बरता पूर्ण तरीके से राजगढ़ प्रशासन ने व्यवहार किया, उनके साथ मारपीट की और सबसे बड़ी बात ऐसी मारपीट की घटनाओं में वहां के कलेक्टर और एसडीएम जैसे अधिकारी खुद शामिल हो जाएं तो इससे यह साबित होता है कि उनको ऊपर से निर्देश क्या है. उन्होंने कहा कि जुल्मों-सितम करने वालों हम बर्दाश्त नही करेंगे.
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री कमलनाथ से कहना चाहता हूं कि यह भाजपा की चेतावनी है, इस तरह की चीजें अगर नहीं रुकी तो आने वाले समय में आपको सरकार चलाना बहुत मुश्किल होगा. उन्होंने कहा कि किस तरह से मुख्यमंत्री कमलनाथ की सरकार भाजपा के कार्यकर्ताओं को दबाना और कुचलना चाहती है, लेकिन यह भारतीय जनता पार्टी है, यहां के कार्यकर्ता डरने, पीछे हटने या घबराने वाले नहीं हैं. भाजपा पूरी तरह से एकजुट है. उन्होंने कहा कि हम मांग कर रहे हैं कलेक्टर व एसडीएम के खिलाफ एफआईआर दर्ज होना चाहिए, ताकि आने वाले समय में कोई अधिकारी यह करने की हिम्मत ना करें. सिंह ने कहा कि गर्व से भारत माता की जय का उद्घोष होगा, हम अपने तिरंगे का सम्मान भी अक्षुण्ण रखेंगे और साथ ही हमारे कार्यकर्ता का अपमान करने वाले अत्याचारियों को उनका स्थान भी जरूर याद दिलाएंगे.
शिवराज सिंह चौहान 
कलेक्टर, एसडीएम का कृत्य दंडनीय अपराध
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राजगढ़ के लिए रवाना होने से पहले राजधानी में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि एसडीएम और कलेक्टर के कृत्य को दंडनीय अपराध माना जाना चाहिए और कलेक्टर को निलंबित कर अपराधिक प्रकरण भी दर्ज होना चाहिए. सिंह ने कहा कि हम नियमों के तहत कार्रवाई चाहते है. उनका कहना है कि आज हम राजगढ़ जा रहे है और महिला अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज करवाएंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के इशारे पर अधिकारी भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट करने पर उतर आए हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें