भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने आरोप लगाया कि राज्य के कमलनाथ सरकार मुद्दों से ध्यान हटाती है. उन्होंने कहा कि घोषणावीर है यह सरकार.
प्रदेश भाजपा कार्यालय में आज मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह ने यह आरोप लगाए. सिंह ने कहा कि मुद्दों से जनता का ध्यान बांटने के लिए नए-नए प्रयोग करना इस सरकार का एजेंडा है. सरकार बनाने के बाद से अब तक केवल घोषणाएं ही की गई है, घोषणाओं को पूरा नहीं किया गया है. सिंह ने कहा कि यह सरकार अब तक केवल मुद्दों से ध्यान हटाती रही है. उन्होंने कहा कि कम से कम जो देश-प्रदेश में कुछ हो रहा है, उसके लिए तो हां करिए. देश के भीतर प्रदेश के भीतर जो मुद्दे हैं, उनके बारे में बात कीजिए.
सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ कहते हैं कि प्रदेश में नागरिकता संशोधन कानून हम लागू नहीं करेंगे, जिन मां सीता का मंदिर आप बनाने की बात कर रहें हैं, उन्हीं सीताजी को मां मानने वाले लोगों, अनेकों जानकी नाम की बेटियां पाकिस्तान में प्रताड़ित हो रही है उनकी चीखें आपको सुनाई नहीं देती है. ऐसे परिवार मध्यप्रदेश या देश के भीतर आ रहे हैं, जो हमारा ही अंग है उनको नागरिकता देने की बात आती है तो मुख्यमंत्री कमलनाथ केवल सोनिया गांधी और राहुल गांधी के एजेंडे को पूरा करने के लिए कहते हैं, कि उनको नागरिकता नहीं देंगे, यह जानते हुए भी कि आप नागरिकता देने से रोक नहीं सकते है.
कार्यकर्ताओं से लिया फीडबैक
नागरिकता संशोधन कानून पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह और प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने आज प्रदेशभर के जिला अध्यक्षों और पार्टी कार्यकर्ताओं से आडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से फीडबैक लिया. इस मौके पर सीएए को लेकर जनजागरण के लिए किए गए प्रयासों के बारे में जिला अध्यक्षों ने जानकारी दी. भाजपा ने 15 जनवरी तक जनजागरण का यह काम अभियान के तौर पर चलाने का फैसला लिया है, जिसे मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए आगे बढ़ाने की तैयारी है. उधर 17 जनवरी को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक भी भोपाल में बुलाई गई है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें