रविवार, 19 जनवरी 2020

बर्दाश्त नहीं की जाएगी तुष्टिकरण की राजनीति

सागर में दलित को जिंदा जलाने का मामला

सागर में दलित समाज के 24 वर्षीय युवक धनीराम अहिरवार को 15 से 20 लोगों द्वारा घेरकर जिंदा जला दिया जाता है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ 2-3 लोगों को ही पकड़ा जाता है. इस तरह की दुखद और अमानवीय घटना के संबंध में कार्रवाई के नाम पर औपचारिकता इसलिए की जा रही है, क्योंकि कांग्रेस वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है. भारतीय जनता पार्टी यह चेतावनी देती है कि सरकार का यह रवैया किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने मीडिया से चर्चा करते हुए कही. सिंह ने कहा कि जिस युवक धनीराम को जिंदा जलाया गया है, वह सागर के मोतीनगर थाने में आरोपियों की शिकायत करके उनसे बचाने की गुहार लगा चुके थे. पुलिस अगर इस शिकायत पर कार्रवाई करती, तो यह हादसा नहीं होता, लेकिन यदि जान से मारने की आशंका जताए जाने पर भी पुलिस कार्रवाई नहीं करती है, तो यह प्रशासनिक अकर्मण्यता और अराजकता है. सिंह ने कहा कि पीड़ित युवक अस्पताल में मौत से संघर्ष कर रहा है, लेकिन उसे देखने ना मुख्यमंत्री कमलनाथ पहुंचे, ना सरकार का कोई मंत्री पहुंचा, ना ही कांग्रेस का कोई विधायक. पीड़ित युवक के गरीब परिजनों को कोई सहायता भी नहीं दी गई.  उन्होंने कहा कि एक दलित युवक के लिए भी सरकार की मानवीयता ना जागे, इससे अधिक दुर्भाग्यपूर्ण क्या होगा?
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बात- बात पर भारतीय जनता पार्टी पर यह आरोप लगाती है कि हम विरोध की राजनीति करते हैं,  जबकि भारतीय जनता पार्टी सरकार की गड़बड़ियों को जनता के बीच ले जाने का काम करती है, इससे कांग्रेस को तकलीफ होती है. सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस विषय को भी पुरजोर तरीके से  उठाएगी. 
पीड़ित से मिलने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष
नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव शनिवार को पीड़ित से मिलने पहुंचे. उन्होंने कहा कि छह दिन पहले सागर में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने 24 वर्षीय दलित धनीराम को जिंदा जला दिया. पुलिस-प्रशासन सरकार के दबाव में एक वर्ग विशेष के लोगों को संरक्षण देने का काम कर रहा है. यदि सरकार इस मामले के दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं करती है, तो शोषित वर्ग को न्याय दिलाने के लिये हम सागर में धरना देंगे. भार्गव ने गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती धनीराम से भेंट की और उसके स्वस्थ होने की कामना की.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें