गुरुवार, 16 जनवरी 2020

हनीट्रैप, आरोपियों के बाद होगी अधिकारियों से पूछताछ


मध्यप्रदेश के बहुचर्चित हनीट्रैप मामले में आयकर विभाग ने शिकंजा कसना तेज कर दिया है. हनीट्रैप की आरोपी दोनों श्वेता के अलावा आरती दयाल से आयकर विभाग अब तक पूछताछ कर चुका है. अब उन अधिकारियों से पूछताछ की जा सकती है, जिनके नाम इसमें सामने आए हैं.
हनीट्रैप की आरोपी श्वेता विजय जैन, आरती दयाल और उसके बाद श्वेता स्वप्निल जैन से आयकर विभाग के अधिकारी पूछताछ कर चुके हैं. तीनों से मिली जानकारी के बाद अब हनीट्रैप में जिन अधिकारियों, नेताओं के नाम सामने आए हैं, उनसे पूछताछ की तैयारी आयकर विभाग कर रहा है. आयकर अधिकारियों ने पूछताछ के अलावा सभी आरोपियों के बैंक लाकर भी चेक किए गए, जहां मोटी रकम बरामद की गई, जिसके बाद से ही आयकर विभाग ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि आयकर विभाग को आरोपियों के खिलाफ बड़े सबूत मिले हैं. 
आयकर विभाग के अधिकारियों ने आरोपियों से वित्तीय लेनदेन के सबूत जुटाए हैं.  आयकर विभाग अब  अफसरों को ब्लैकमेल कर लाखों रुपए ऐंठे जाने की पुष्टि में जुटी हैं. आरोपियों से पूछताछ में वित्तीय लेनदेन के संदर्भ में उनके सामने कई अफसरों के भी नाम भीआए हैं, फिलहाल विभाग इन सभी के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटा रहा है. साक्ष्य मिलने के बाद इन अधिकारियों को भी आयकर अधिनियम की धारा 131 के तहत समन भेजकर पूछताछ के लिए तलब कर लिया जाएगा. 
बताया जाता है कि एसआईटी ने मामले में चालान पेश होने के बाद आयकर विभाग को अब तक की जांच के संदर्भ में कई तथ्य उपलब्ध करा दिए हैं. आयकर विभाग वित्तीय लेनदेन के संबंध में आरोपितों से पूछताछ, आरोप पत्र और दस्तावेजों की छानबीन से जरूरी तथ्य जुटाने में लगा है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें