मंगलवार, 7 जनवरी 2020

चिकित्सा शिक्षक वापस लेंगे इस्तीफा


मध्यप्रदेश के चिकित्सा शिक्षकों ने मुख्य सचिव एस.आर.मोहंती से मुलाकात के बाद अपने इस्तीफे वापस लेने का फैसला किया है. मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि मुख्य सचिव से हुई उनकी बात सकारात्मक रही है. अब प्रदेश के सभी 3300 चिकित्सा शिक्षक अपने इस्तीफे वापस लेंगे.
राज्य के सभी शासकीय मेडिकल कालेजों में पदस्थ 3300 चिकित्सा शिक्षकों ने अपने इस्तीफ ेदेते हुए यह चेतावनी सरकार को दी थी कि वे 9 जनवरी से मेडिकल कालेज जाना बंद कर देंगे. इसके बाद राज्य के मुख्य सचिव एस.आर.मोहंती के साथ उनकी चर्चा हुई. इस चर्चा के बाद अब चिकित्सा शिक्षकों ने अपने इस्तीफे वापस लेने की बात कही है. बताया जाता है कि मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन के साथ हुई बैठक में मुख्य सचिव मोहंती ने एसोसिएशन की सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया है. बैठक के बाद सकारात्मक बैठक के बाद एसोसिएशन ने सरकार के प्रति विश्वास जताते हुए अपने त्यागपत्र वापस लेने की बात कही है. 
मेडिकल एसोसिएशन की ओर से कहा गया है कि मुख्य सचिव के साथ हुई पदाधिकारियों की चर्चा में शासन ने सकारात्मक रुख दिखाया है. वे हमारी मांगों को लेकर गंभीर हैं. उन्होंने ये भी कहा कि सरकार भी उनकी मांगों पर विचार कर रही है. इस दिशा में काम भी शुरू कर दिया गया है. डाक्टर्स को सही वक्त का इंतजार करना चाहिए. मुख्य सचिव से बातचीत में कोई शर्त या मियाद नहीं रखी गई है. सरकार को हम काम करने का वक्त देंगे. उम्मीद करेंगे कि जल्द निकारकरण किया जाएगा.
उल्लेखनीय है कि प्रदेश के 13 मेडिकल कालेजों में काम करने वाले करीब 3300 डाक्टर्स ने एक साथ इस्तीफे दे दिए थे. साथ ही  9 जनवरी से मेडिकल कालेज न जाने की चेतावनी भी सरकार को दे दी थी. इसके बाद से लगातार चिकित्सा शिक्षा मंत्री डा. विजयलक्ष्मी साधौ, स्वास्थ्य मंत्री तुलसीराम सिलावट चिकित्सकों से संपर्क कर रहे थे, मगर बात नहीं बन पाई थी. इसके बाद राज्य के मुख्य सचिव के साथ एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक हुई. इसके बाद एसोसिएशन ने यह फैसला लिया कि सभी चिकित्सा शिक्षक अपना इस्तीफा वापस लेंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें