बुधवार, 15 जनवरी 2020

घने कोहरे में लिपटी रही राजधानी, फ्लाइट नहीं हुई लैंड

 छाए रहे बादल, राजधानी में और भी दिखेगा कोहरे का असर

बदले मौसम के चलते राजधानी भोपाल में आज की सुबह की शुरुआत घने कोहरे से हुई. पूरा शहर कोहरे की चादर में घंटों पिलटा रहा. कोहरे के कारण  लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा. वहीं यातायात भी प्रभावित हुआ. कोहरे के चलते आज विमान सेवा भी बाधित हुई. दिल्ली और मुंबई की फ्लाइट कोहरे के चलते लैंड नहीं हो सकी.
राजधानी में मंगलवार को हुई बारिश के बाद आज बुधवार को सुबह घना कोहरा छाया रहा. सुबह घंटों घने कोहरे के बीच लोग परेशान होते रहे. सुबह के वक्त वाहन चालकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा. इस दौरान मौसम विभाग के अनुसार  विजिबिलिटी 50 मीटर तक दर्ज की गई है. कोहरे के कारण राजधानी के बड़े तालाब और घाटों पर मकर सक्रांति पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी कम रही. वहीं राजधानी के निकट भोजपुर मंदिर जाकर दर्शन करने वालों की संख्या भी बीते सालों की अपेक्षा कम रही. राजधानी की ही तरह राज्य के अन्य हिस्सों में भी घने कोहरे का असर दिखाई दिया.
कोहरे के कारण राजधानी के राजाभोज विमानतल पर  दृश्यता कम होने के चलते दिल्ली और मुंबई से आने वाली फ्लाइट लैंड नहीं हो सकीं. फ्लाइट को नागपुर डायवर्ट किया गया. मौसम साफ होने के बाद फ्लाइट साढ़े नौ बजे के बाद लैंड हुर्इं. इंदौर में सुबह लैंड होने वाली फ्लाइट्स को भी डायवर्ट किया गया है. इसके अलावा दिल्ली, मुंबई सहित अन्य रूटों की आने-जाने वाली अन्य फ्लाइटें भी देरी से आई और गई. इस कारण यात्रियों को परेशानी हुई.
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में बादल छाने के कारण कोहरे का असर और भी देखने को मिलेगा.  आने वाले एक सप्ताह तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा.मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मध्यप्रदेश में दो सिस्टम सक्रिय है, जिसके कारण कोहरा और बारिश देखने को मिलेगी, लेकिन शीतलहर से राहत रहेगी. मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के भोपाल, सागर, उज्जैन और रीवा संभागों के जिलों बारिश हुर्ई है. राज्य के नौगांव में 1 मिलीमीटर बारिश होना दर्ज की गई है.वहीं भोपाल के अलावा उज्जैन, ग्वालियर, सागर और चंबल संभागों के जिलों कोहरा छाया रहा.
इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अभी 18 जनवरी तक मौसम में बदलाव की उम्मीद नजर नहीं आ रही है. कहीं पर बारिश होगी तो कहीं पर घना कोहरा छाने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के जिलों के अलावा नीमच, मंदसौर, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, रीवा और सतना जिलों में आगामी 24 घंटों के दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. वहीं ग्वालियर, चंबल संभाग के जिलों एवं भोपाल, शाजापुर, राजगढ़, आगर और रीवा जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है. इसके अलावा विदिशा, रायसेन, राजगढ़, रीवा और सतना जिलों एवं ग्वालियर, चंबल संभाग के जिलों में गरज के साथ बिजली चमकने की भी संभावना है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें