मंगलवार, 7 जनवरी 2020

हनीट्रैप में फंसे आईएएस ने मुख्य सचिव से मांगा मिलने का समय


हनीट्रैप मामले में नाम आने के बाद आईएएस पी.सी.मीणा ने सफाई देने के लिए मुख्य सचिव एस.आर.मोहंती से समय मांगा है. उन्होंने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा का खतरा भी बताया है.
मध्यप्रदेश के सियासी हलकों में हलचल मचा देने वाले हनीट्रैप मामले में अदालत में पेश किए चालान में  राज्य के आईएएस अधिकारी पी.सी.मीणा का नाम आने के बाद से वे परेशान हैं. मीणा ने अब इस मामले को लेकर राज्य के मुख्य सचिव एस.आर.मोहंती को पत्र लिखकर उनसे मुलाकात कर अपनी बात रखने का समय मांगा है. मीणा ने पत्र में इस बात का भी उल्लेख किया है कि उनकी सुरक्षा को भी खतरा है. आईएएस मीणा ने मुख्य सचिव को लिखे पत्र में उल्लेख किया है कि मेरे खिलाफ षड्यंत्र रचा जा रहा है. लगभग छह माह पूर्व एक वीडियो वायरल कर मेरी व्यक्तिगत छवि को बिगाड़ने का प्रयास किया गया, जिससे मैं प्रभावित नहीं हुआ. तब इस कूटरचित वीडियो की जांच की मांग की थी. मीणा ने अपने पत्र में अपनी सुरक्षा को भी खतरा बताया है. पत्र में पैसे लेन-देन की बात को भी गलत बताते हुए उन्होंने कहा कि मुलाकात कर अपनी वस्तु स्थिति से अवगत कराना चाहते हैं. 
उल्लेखनीय है कि हनीट्रैप से जुड़े मानव तस्करी के मामले में पिछले दिनों भोपाल की अदालत में पेश किए गए चालान में आईएएस पी.सी. मीणा का नाम आया है. इसमें कहा गया है कि मीणा ने एक पत्रकार के निवास पर पहुंचकर समझौता करने के एवज में 20 लाख रुपए की रकम दी थी. इतना ही नहीं इससे पहले एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें कथित तौर पर मीणा को एक युवती के साथ दिखाया गया था.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें