गुरुवार, 16 जनवरी 2020

भाजपा कार्यकर्ताओं के चुन-चुन कर तोड़े जा रहे निर्माण

राकेश सिंह 
राज्यपाल से शिकायत करेंगे आज
प्रदेश की कांग्रेस सरकार माफिया उन्मूलन और अतिक्रमण के नाम पर कांग्रेसियों के अवैध निर्माणों को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं पर चुन-चुनकर कार्यवाही कर रही है. भाजपा द्वारा इसके विरोध में कल राज्यपाल को शिकायत की जाएगी.
यह जानकारी आज प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह ने मीडिया से चर्चा करते हुए दी. उन्होंने बताया कि भाजपा, सरकार द्वारा अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम का विरोध नहीं कर रही, बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अवैध निर्माण न तोड़ने का विरोध कर रही है. उन्होंने कहा कि  राजधानी भोपाल के गांधीनगर में भाजपा की पार्षद का मकान और दुकान का पट्टा और न्यायालय का स्टे आदेश दिखाने के बाद भी कार्यवाही की गई. जबकि वहीं पर कांग्रेस नेता का भी मकान है, उसको  नहीं तोड़ा  गया. कांग्रेस नेताओं के संरक्षण में कालोनियां बनी हैं, लेकिन उन पर सरकार उंगली नहीं उठा रहीं है. यह सरकार जिस दिशा में प्रदेश को ले जा रही है वह जनता के हित में नहीं है. 
राज्यपाल से मिलकर अत्याचार के खिलाफ करेंगे शिकायत
 राकेश सिंह ने मुख्यमंत्री कमलनाथ को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ऐसी कार्यवाहियों को नहीं रोका गया तो भारतीय जनता पार्टी सड़कों पर उतरेगी. उन्होंने कहा कि 17 जनवरी को प्रदेश कार्यालय में होने वाली बैठक में सरकार के खिलाफ रणनीति तैयार कर सड़कों पर उतरेगी.  सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार अब ऐसी मुहिम चलाएगी तो भाजपा सड़कों पर उतरकर उनके सामने खड़ी होगी. साथ ही राज्यपाल से मुलाकात कर उनको घटना की जानकारी भी दी जाएगी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें