![]() |
| पी.सी.शर्मा |
मध्यप्रदेश के राजगढ़ कलेक्टर के थप्पड़ के बाद अब नेताओं के विवादित बयानों पर सियासत तेज हो गई है. भाजपा और कांग्रेस नेताओं ने एक-दूसरे को कोसना शुरु कर दिया है. इतना ही नहीं राज्य के जनसंपर्क मंत्री पी.सी.शर्मा तो मुख्यमत्री कमलनाथ को कृष्ण बताने से भी नहीं चूके. उन्होंने कहा कि महिलाओं की रक्षा के लिए मुख्यमंत्री कमलनाथ कृष्ण के रुप में पीछे खड़े हैं. वहीं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को वे शकुनी बता गए.
राजगढ़ कलेक्टर द्वारा तिरंगा यात्रा के दौरान प्रदर्शन कर रहे युवक को थप्पड़ मारने के मामले में जब भाजपा सड़क पर उतरी तो कांग्रेस नेता भी भाजपा नेताओं पर आक्रामक हो गए. कांग्रेस नेताओं ने इसे लेकर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव द्वारा दिए बयानों पर हमला बोलना शुरु कर दिया. इसके बाद अब भाजपा ने भी मोर्चा खोला है. भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मोर्चा संभाला है. वहीं कांग्रेस की ओर से नेताओं के अलावा जनसंपर्क मंत्री पी.सी.शर्मा ने मोर्चा संभाला और भाजपा नेताओं के बयानों की निंदा की.
भाजपा के राष्ट्रीय कैलाश विजयवर्गीय ने कलेक्टर को जेएनयू का वायरस बताने के बयान पर जनसंपर्क मंत्री ने कहा कि महिलाओं में जेनएयू का वायरस नहीं रानी लक्ष्मीबाई और इंदिरा गांधी का वायरस है. मुख्यमंत्री कमलनाथ को भगवान कृष्ण बताते हुए मंत्री शर्मा ने कहा महिलाओं की रक्षा के लिए मुख्यमंत्री कृष्ण के रूप पीछे खड़े रहेंगे. शर्मा ने कहा कि महिला अधिकारियों को लेकर जिस तरह के शब्दों का उपयोग किया गया वो दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने पूर्व राज्यमंत्री बद्रीलाल यादव के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को शकुनी मामा तक बता दिया.
पूर्वाग्रह से पीड़ित होकर कभी नहीं बोलते यादव
![]() |
| नरोत्तम मिश्रा |
पूर्व राज्य मंत्री बद्रीलाल यादव के बयान का समर्थन करते हुए पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि पूर्वाग्रह से पीड़ित होकर कभी बद्रीलाल यादव नहीं बोलते है. बद्रीलाल बेहद सरल स्वभाव के हैं. उन्होंने जो बोला उसका भाव मुझे वैसा नहीं लगा जैसा लिया जा रहा है. उनका बयान मातृत्व के भाव से जुड़ा है. उनके भाव को गलत रूप में नहीं लिया जाना चहिए. इसके साथ की शिवराज सिंह चौहान के सुर्पनखा कहने के बयान पर नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि शिवराज सिंह ने किसी व्यक्ति विशेष को लेकर ऐसा नहीं कहा था.
आईएएस एसोसिएशन ने जताया विरोध
आईएएस एसोसिशन ने भी पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव की टिप्पणी को आपत्तिजनक बताते हुए उनकी आलोचना की है. आईएएस एसोसिएशन के अध्यक्ष आईसीपी केशरी ने मुख्य सचिव एसआर मोहंती को चिट्ठी लिख कलेक्टर पर की गई टिप्पणी पर विरोध दर्ज कराया. एसोसिएशन ने चिट्ठी में लिखा है कि राजगढ़ में सार्वजनिक मंच से सभा के दौरान कलेक्टर पर की गई टिप्पणी की एसोसिएशन कड़ी निंदा करता है. इस तरह के बयान से न केवल अधिकारियों का मनोबल गिरेगा, बल्कि महिला अधिकारी के सम्मान को भी ठेस पहुंचेगी. ला एंड आर्डर की स्थिति को बनाए रखना प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारी है. एसोसिएशन ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों पर की गई टिप्पणी का विरोध करता है.
पूर्व मंत्री ने बयान के लिए मांगी माफी
राजगढ़ कलेक्टर के बहाने राज्य की कमलनाथ सरकार को घेरने की कोशिश भाजपा को महंगी पड़ती नजर आ रही है. नेताओं द्वारा की गई बयानबाजी को लेकर जब भाजपा घिरती नजर आई तो पूर्व मंत्री बाबूलाल यादव ने अपने बयान के लिए माफी मांग ली. उन्होंने कहा कि मैंने पहले ही कहा था कि मेरे बात को अन्यथा न लें. फिर अगर किसी को ठेस पहुंची है तो मैं अपने बयान पर खेद व्यक्त करता हूं. मेरे कहने का आशय गलत नहीं था. उन्होंने कहा कि वे महिलाओं का सम्मान करते हैं, मगर उनके बयान को गलत लिया गया.


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें