गुरुवार, 9 जनवरी 2020

असामाजिक तत्वों की जहरीली विचारधारा से डरने वाला नहीं है देश : उमा


नागरिकता संशोधन कानून के नाम पर लोगों को भ्रमित कर रहे राजनीतिक दल, देश में हिंसा फैला रहे असामाजिक तत्व कितना भी प्रयास कर लें, परंतु यह भारत देश चंद जहरीली मानसिकता और विचारधारा वाले लोगों से डरने वाला नहीं है. नागरिकता संशोधन कानून देश में लागू होकर रहेगा.
यह बात पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री  उमा भारती ने छतरपुर में सीएए को लेकर आयोजित प्रबुद्धजन संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कही. प्रबुद्धजन संगोष्ठी को संबोधित करते हुए उमा भारती ने कहा कि एक ओर जहां हमारे प्रधानमंत्री ने देश हित में नागरिकता संशोधन कानून 2019 को संसद से पास कराया है, तो वहीं कुछ जहरीली मानसिकता से ग्रसित राजनैतिक दल व असामाजिक तत्व देश में भ्रम फैलाकर, हिंसा एवं उपद्रव कर भय का वातावरण निर्मित करने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह विपक्षी दल जहां संविधान बचाओ का नारा देकर लोगों को भड़काने का काम करते हुए सत्ता के लिए देश में अशांति फैलाना चाहते हैं, वहीं दूसरी ओर यही दल संसद के दोनों सदनों से पारित नागरिकता कानून का विरोध कर रहे हैं. विपक्षी दलों की सरकार राज्य सरकारों के द्वारा इस कानून को लागू नहीं किए जाने का ऐलान भी किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मैं पूछना चाहती हूं कि देश की संपत्ति को जलाकर लोगों को हिंसात्मक तरीके से मारकर विपक्षी दल और उनके जैसी जहरीली मानसिकता के लोग किस मुंह से संविधान बचाने की बात करते हैं? पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा कि हमारा भारत देश प्रारंभ से ही बड़ा दयालु और सहनशील रहा है. हमारे यहां अल्पसंख्यकों को सदैव भाई चारे के साथ एक सौहार्दपूर्ण वातावरण में रखा गया है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें