बुधवार, 8 जनवरी 2020

ट्रेड यूनियनों की हड़ताल का दिखा मध्यप्रदेश में असर


 बैंक रहे बंद, कर्मचारियों ने सड़क पर उतरकर किया प्रदर्शन
केन्द्र की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ देश भर की ट्रेड यूनियनों और उनसे संबद्ध कर्मचारी यूनियनों की आज राष्ट्रव्यापी हड़ताल के तहत मध्यप्रदेश में भी विभिन्न श्रमिक संगठनों के कर्मचारी और श्रमिक हड़ताल पर हैं. हड़ताल का असर प्रदेश के सभी महानगरों में दिखाई दिया. 
देश की 10 ट्रेड यूनियनों और उनसे संबंद्ध कर्मचारी यूनियनों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का असर आज राजधानी सहित पूरे प्रदेश में दिखाई दिया. राजधानी में आज हड़ताल के समर्थन में सार्वजनिक बैंकों, बीएसएनएल, आयकर, डाक और बीमा कंपनियों के कर्मचारियों ने सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया. ये कर्मचारी निजीकरण और बैंकों के विलीनीकरण के खिलाफ सड़कों पर उतरे थे. राजधानी  भोपाल में सुबह महाराणा प्रताप नगर से कर्मचारियों ने रैली निकाली.  उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. हड़ताल का असर राजधानी के अलावा प्रदेश के महानगरों इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में भी दिखाई दिया. 
ट्रेड यूनियनों की हड़ताल से आम जनजीवन प्रभावित हुआ.  भारत बंद से बैंकिंग, औद्योगिक के अलावा परिवहन और सेवा क्षेत्र के कामगारों के शामिल होने से स्टेट बैंक आफ इंडिया को छोड़कर बाकी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में कामकाज ठप है.  बीमा, आयकर व डाक सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं. 
 राजपत्रित अधिकारियों ने भी नहीं किया काम
मध्यप्रदेश में हड़ताल के समर्थन में इनकम टैक्स कार्यालय बंद रहे. पहली बार राजपत्रित अधिकारियों ने भी काम नहीं किया. ट्रेड यूनियनों की ओर से कहा गया कि भोपाल में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका के अलावा गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में संगठित मजदूर, भेल कारखाने के मजदूर भी हड़ताल में शामिल हैं. भोपाल की 490 बैंकों में भी काम नहीं हुआ. तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, संविदा अधिकारी कर्मचारी महासंघ संघ ने हड़ताल का समर्थन किया. यूनियनों ने दावा किया है कि आज की इस हड़ताल में  मध्य प्रदेश में भी 5 बैंक कर्मचारी अधिकारी संगठनों के अलावा अन्य श्रमिक संगठनों से जुड़े कर्मचारी हड़ताल में शामिल हुए हैं. वहीं विभिन्न ट्रेड यूनियनों के 25 करोड़ से ज्यादा कामगार आज राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल भाग लिया है.
हड़ताल में शामिल रहे ये संगठन
ट्रेड यूनियनों की हड़ताल में  इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस, आॅल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस, हिन्द मजदूर सभा, सेंटर फार इंडियन ट्रेड यूनियंस, आॅल इंडिया यूनाईटेड ट्रेड यूनियन सेंटर, ट्रेड यूनियन कार्डिनेशन सेंटर, सेल्फ इम्प्लायड वीमेंस एसोसिएशन, आल इंडिया सेंट्रल कौंसिल आॅफ ट्रेड यूनियंस, लेबर प्रोग्रेसिव फेडरेशन और यूनाईटेड ट्रेड यूनियन कांग्रेस से जुड़े श्रमिक संघ शामिल हुए.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें