रविवार, 12 जनवरी 2020

दो लाल बस सहित दर्जन भर वाहनों को जलाया



राजधानी में बदमाशों ने एक ही रात में दो लाल बसों  के अलावा दर्जन भर वाहनों से ज्यादा वाहनों को आग के हवाले कर दिया. घटना से नाराज लोगों ने विरोध करते हुए चक्काजाम कर जमकर हंगामा किया, करीब घंटेभर की मशक्कत के बाद प्रशासन के अधिकारी लोगों को समझाने में सफल रहे.
राजधानी में बदमाशों के हौंसले इतने बुलंद हो गए कि उन्होंने बीती रात को अलग-अलग स्थानों पर करीब दर्जनभर वाहनों को आग के हवाले कर दिया. बदमाशों ने दो पहिया वाहनों के अलावा  राजधनी के डिपो चौराहे पर खड़ी दो लाल बसों को भी जलाकर खाक कर दिया. दमकल की गाड़ियों ने जाकर आग पर काबू पाया. इसके अलावा  कोलार तिराहा स्थित कोलार कालोनी में घर के बाहर खड़े वाहनों में आग लगा दी. वाहनों में आगजनी के बाद पूरा मोहल्ला जमा हो गया. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने सिर्फ दो पहिया वाहनों को आग के हवाले किया है, इसके बाद आक्रोशित लोगों ने देर रात ही थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया और एफआईआर दर्ज कराई. पुलिस अभी तक आग लगाने वाले बदमाशों की किसी भी तरह से शिनाख्त नहीं कर पाई. सीएसपी भूपेंद्र सिंह चूना भट्टी थाने में लोगों को समझाने पहुंचे और उन्होंने कहा कि बदमाशों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा. आग लगाए जाने की  तीसरा घटना गुटखा कंपनी के कार्यालय की है. गोविंदपुरा स्थित राजश्री गुटखा कंपनी के कार्यालय परिसर में भी बीती रात को आग ली,  जहां दो दिन पहले ईओडब्ल्यू ने छापामार कार्रवाई की थी वहीं रात में आग लगी पाई गई. हालांकि पुलिस का कहना है कि कंपनी के सभी दस्तावेज छापे के दौरान बरामद कर लिए गए हैं, इसलिए महत्वपूर्ण दस्तावेज जलाने की संभावना नहीं है.
रहवासियों ने किया चक्काजाम
वाहनों में आगजनी को लेकर आक्रोशित रहवासियों ने रविवार सुबह चक्का जाम कर दिया. इस दौरान लोगों ने सड़क पर उतरकर जोरदार हंगामा करते रहे. हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, लेकिन प्रदर्शनकारी एसडीएम को बुलाने की मांग पर अड़े रहे. बाद में काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझाइश देने में अधिकारी सफल हुए. चक्काजाम के कारण कई परीक्षार्थी भी फंस गए, वे परीक्षा देने विलंब से परीक्षा केन्द्र पहुंच पाए.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें