
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आज फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि मोदी और शाह मुस्लिमों को डराने के लिए सीएए लाए हैं. अभी इसे लाने की कोई आवश्यकता ही नहीं थी.
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि देश में इस वक्त सीएए, एनआरसी, एनपीए पर चर्चा चल रही है. भारत के संविधान की मूल भावना सामाजिक न्याय, हर व्यक्ति को समान अधिकार देना और यह हर धर्म एवं जाति के लिए है. उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार को किसे नागरिकता देना था, जो सीएए की जरुरत पड़ी. ये कानून इसलिए लाया गया क्योंकि भाजपा को देश के मुसलमानों को डराना था. सिंह ने कहा कि सीएए की अभी कोई जरूरत नहीं थी, लेकिन देश के मुस्लिमों को डराने के लिए मोदी सरकार ने यह हथकंडा अपनाया है. भारत में हर धर्म और जाति के लोगों को समान अधिकार है. दिग्विजय ने कहा कि सीएए को लेकर केंद्र सरकार खुद कन्फ्यूजन में है.
दिग्विजय ने आरोप लगाया कि हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई वाले देश में सिर्फ एक समाज का भयभीत होना भविष्य के लिए चिंता की बात है. उन्होंने कहा कि एनआरसी को असम में लागू करके गलती हुई, फिर भी इसे देश मे लागू करने की बात हो रही है. सिंह ने कहा कि मैं दावे के साथ कह रहा हूं कि प्रधानमंत्री मोदी इस मामले पर खूद झूठ बोल रहे हैं. देश के हिन्दू, मुस्लिम, सिख और ईसाई राष्ट्रभक्त हैं. दिग्विजय सिंह ने आरएसएस पर लोगों को बहकाने का आरोप भी लगाया. वहीं प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में घटित घटना पर कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ने कलेक्टर को गाली दी थी, जिसके बाद ये मामला बढ़ा था.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें