मंगलवार, 14 जनवरी 2020

धमकी भरे पत्र के बाद सांसद प्रज्ञा की बढ़ाई सुरक्षा, जांच के दिए निर्देश


राजधानी भोपाल की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को मिले धमकी भरे पत्र और रसायन मामले की जांच के आदेश सरकार ने दिए हैं. साथ ही उनकी सुरक्षा भी बढ़ा दी है.  सांसद को यह पत्र अक्तूबर माह में मिला था, जिसे उन्होंने सोमवार को खोला है.
सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने सोमवार की रात को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें एक धमकी भरा पत्र के साथ संदिग्ध रसायन मिला है. इसके साथ ही उन्होंने अपनी जान को खतरा भी बताया है. सांसद की इस शिकायत के बाद सरकार ने पूरे मामले क जांच के आदेश दिए हैं. सरकार के निर्देश पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सांसद की सुरक्षा बढ़ा दी है.
दरअसल सांसद प्रज्ञा ठाकुर के रिवेरा टाउन आवासीय कालोनी स्थित आवास पर डाक के जरिए पिछले दिनों एक लिफाफा आया था. सोमवार को जब सांसद ने इस लिफाफे को खोला तो उसमें कई पत्रों के साथ एक पैकेट भी निकला.  पत्र के भीतर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल की तस्वीरें निकली जिन पर क्रास का चिन्ह लगा हुआ था. प्रज्ञा ठाकुर के मुताबिक, लिफाफे के भीतर से एक पैकेट भी निकला जिसमें पाउडर है. उसे छूने पर खुजली हुई. इस पर उन्होंने पुलिस को शिकायत की. उन्होंने अपनी जान को खतरा होने की बात कही है.  पत्र उर्दू में लिखा गया है. पुलिस और एफएसएल की टीम जांच कर रही है.  साथ ही सांसद की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है.
अक्तूबर माह में आया था पत्र
पुलिस के अनुसार सांसद को यह पत्र अक्तूबर माह में आया था, जिसे सोमवार को खोला.उर्दू में पत्र लिखा हुआ है. पुलिस जांच कर रही है.  सूत्रों का कहना है कि उर्दू में लिखे पत्र में आतंकी हाफिज सईद सहित कई अन्य की तस्वीरें बनी हुई है. इसके साथ ही कई अन्य कागज भी इस लिफाफे से निकले है, जिनमें जले हुए तिरंगे की तस्वीर बनी है तो पाकिस्तान का भी झंडा बना हुआ है. सांसद का आरोप है कि पूर्व में भी उन्हें धमकी भरे पत्र मिले हैं, जिसकी पुलिस से शिकायत की मगर पुलिस ने उसे गंभीरता से नहीं लिया.
विधायक ने कहा बताएं किस-किस को दिया श्राप
कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी ने प्रज्ञा ठाकुर से कहा है कि आप खुद ही बताएं कि आपको किन-किन लोगों से खतरा है. उन्होंने कहा कि भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर के पास मारक शक्तियां हैं, उन्होंने किस-किस को श्राप दिया है, हर एंगल की जांच होगी. इस मामले को पुलिस गंभीरता से लेगी. सांसद खुद बताएं कि उन्हें किन-किन से खतरा है. वहीं राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद सारी बातें सामने आ जाएगी.
सुरक्षा को लेकर कोताही बरत रही सरकार
सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को मिले पत्र को लेकर पूर्व मंत्री विश्वास सारंग ने कमलनाथ सरकार पर जमकर निशाना साधा है. सारंग ने कहा कि सांसद प्रज्ञा सिंह एक जनप्रतिनिधि हैं और इसके नाते सरकार को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उनकी सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए. सारंग ने कहा कि चार महीने पहले भी साध्वी को धमकी भरा पत्र मिला था, इसे लेकर भी राज्य सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की है और अब फिर से उन्हें धमकी पत्र और पाउडर मिला है. उन्होंने कहा इसके बावजूद सांसद की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार कोताही बरत रही है, उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जानी चाहिए.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें