गुरुवार, 9 जनवरी 2020

भाजपा हमें न पढ़ाए राष्ट्रवाद का पाठ

कमलनाथ 
 मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बोला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी  और भाजपा पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि मोदी के परिवार में से किसी ने आजादी आंदोलन में हिस्सा नहीं लिया, मोदी किसी रिश्तेदार का ही नाम बता दें, जो आजादी आंदोलन में शामिल हुआ हो. इसलिए भाजपा हमें राष्ट्रवाद का पाठ न पढ़ाए. ये लोग मुद्दों से ध्यान मोड़ने की राजनीति करते हैं.
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने यह बात आज राजधानी के उपनगर बैरागढ़ में चल रहे सेवादल के प्रशिक्षण शिविर में कही. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि मैं नरेंद्र मोदी जी से कहता हूं कि अपनी पार्टी का ऐसा एक नाम बता दीजिए जो स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रहा हो. आप अपने रिश्तेदार का ही नाम बता दीजिए, अपना नाम और अपने बाप-दादाओं का नाम तो छोड़िए. इनका कोई स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नहीं रहा और ये हमें राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाने आते हैं.
उन्होंने कहा कि भाजपा और भाजपा के लोग मुद्दों से ध्यान मोड़ने की राजनीति करते हैं. आज ये गुमराह करने की बात कर रहे हैं. एनआरसी का मतलब है नेशनल रजिस्टर आफ सिटीजन्स. जब आप अपना नाम दर्ज कराएंगे तो सवाल उठेगा कि आपका धर्म क्या है? तो आप कहेंगे हिन्दू.अब आपके पास सबूत क्या है कि आप हिन्दू हैं? फिर पूछेंगे आपके बाप का क्या धर्म है,दादा का क्या धर्म था ? कोई सबूत है क्या? इसमें यह बात नहीं लिखी कि क्या लिखा है, चिंता इस बात की है कि क्या नहीं लिखा है. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें