एटीएस कर रही गिरफ्तार किए डाक्टर से पूछताछमध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल की सांसद प्रज्ञा सिंह को धमकी भरा पत्र और केमिकल भेजने वाले आरोपी को एटीएस की टीम ने महाराष्ट्र के नांदेड़ से गिरफ्तार किया है. आशंका जताई जा रही है कि पत्र के साथ जो केमिकल भेजा गया था वह एंथ्रेक्स है. हालांकि अभी एटीएस आरोपी डाक्टर से पूछताछ कर रही है.
भोपाल की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को धमकी भरा पत्र भेजने के मामले में एटीएस ने महाराष्ट्र के नांदेड़ से एक डाक्टर सैयद अब्दुल रहमान खान को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि डा. सैयद धानेगांव में क्लीनिक चलाता है. यह बात भी सामने आ रही है कि एटीएस ने उसे गुरूवार शाम को धानेगांव से ही पकड़ा था, वह करीब 3 महीने से पुलिस की राडार पर था. डा. सैयद इसके पहले भी कई सरकारी अधिकारियों को इसी तरह के धमकीभरे पत्र लिख चुका है. उसे पहले भी इस तरह के केस में गिरफ्तार किया जा चुका है.
सांसद प्रज्ञा सिंह को धमकी भरा पत्र के साथ जो केमिकल मिला था वह एंथ्रेक्स होने की बात कही जा रही है. एंथ्रेक्स भेड़ बकरी घोड़ा और खच्चर में पाए जाने वाला एक रोग है जिसके जीवाणु शरीर को संक्रमित कर जान तक ले सकते हैं. हालांकि एटीएस अधिकारी इस बात की पुष्टि नहीं कर रहे हैं. उनका कहना है कि जांच और पूछताछ के बाद ही यह खुलासा हो सकेगा कि वह केमिकल क्या है.
यह था मामला
सांसद प्रज्ञा ठाकुर को पिछले दिनों एक धमकी भरा पत्र मिला था जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के फोटो पर क्रॉस बना हुआ था इसके साथ ही लेटर में आतंकी हमले की धमकी भी दी गई थी. सांसद की शिकायत पर भोपाल की कमला नेहरू थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.
डाक्टर तो मोहरा है, आकाओं की हो गिरफ्तारी
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने सरकार से मांग की कि मामले जांच कराकर इसके घटना के मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जानी चाहिए. चौहान ने ट्वीट कर कहा कि मैं राज्य सरकार से मांग करता हूं कि इस पूरे मामले की गंभीरतापूर्वक उच्च स्तर पर जांच हो और इनके असली आकाओं को पकड़ा जाए. उन्होंने कहा कि किसी के विरोध में लोग इतने आक्रामक हो गए हैं कि जान लेने की साजिश तक रचने लगे हैं. अगर वैचारिक मतभेद हैं, तो विरोध करने के अन्य तरीके भी हैं. यह अत्यंत गंभीर मामला है. उन्होंने कहा कि नांदेड़ का यह डा. खान केवल एक मोहरा है, इसके आका की पहचान करने और जल्द से जल्द पकड़ने की आवश्यकता है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें