बुधवार, 29 जनवरी 2020

फिर बदलेगा प्रदेश का मौसम, ठंड दिखाएगी असर

 तेज होगी ठंड, छाएगा कोहरा, हल्की बारिश के आसार

मध्यप्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलेगा और ठंड अपना असर दिखाएगी. राज्य में एक बार फिर उत्तरी हवाओं का दौर शुुरु होगा, जिससे ठंड तेज होने के आसार है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाएगा तो कहीं पर हल्की बारिश होने की भी संभावना है.
प्रदेश के मौसम में फिर बदलाव के आसार नजर आ रहे हैं. बीते दो दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने से तापमान में वृद्धि हुई थी और लोगों को रात के समय गर्मी का अहसास होने लगा था. राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई स्थानों पर आज बुधवार को भी सुबह के वक्त आसमान पर बादल छाए रहे और तेज हवाएं भी चली. राजधानी में दोपहर होते-होते आसमान से बादल छट गए और धूप खिली. इससे मौसम सुहावना रहा. इसी तरह का मौसम राज्य के अन्य जिलों में भी रहा. मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकांश स्थानों पर छाए  बादल छट गए हैं, इसके चलते गुरुवार से मौसम में बदलाव के आसार नजर आ रहे हैं. 
 मौसम विभाग के अनुसार राज्य में राजस्थान से झारखंड तक बने ट्रफ (द्रोणिका लाइन) के असर से वातावरण में आ रही नमी के कारण बादल छाने लगे हैं. इससे दिन में जहां मौसम सुहाना बना हुआ है, वहीं रात में फिलहाल ठंड से राहत मिल रही है. वातावरण में नमी आने से प्रदेश के कई स्थानों पर बादल बने हुए हैं. इस सिस्टम के कारण प्रदेश के पूर्वी और उत्तरी भाग में कहीं-कहीं हल्की बौछारें पड़ सकती हैं. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक गुरुवार से हवा का रुख फिर उत्तरी होने के आसार हैं, इससे वातावरण में फिर ठंड में कुछ इजाफा होगा. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत से आगे बढ़ रहा है. इसके अलावा उत्तर-पूर्वी राजस्थान से दक्षिण उत्तरप्रदेश से होकर एक ट्रफ झारखंड तक जा रहा है, जिसके प्रभाव से वर्तमान में हवा का रुख दक्षिण-पश्चिमी बना हुआ है.
कहीं होगी बारिश, कहीं छाएगा कोहरा
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के जबलपुर, ग्वालियर और शहडोल संभागों के जिलों में हल्की बारिश हुई है. वहीं रीवा, शहडोल और सागर संभागों में तापमान में वृद्धि हुई है.राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान बैतूल का 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के शहडोल और चंबल संभागों के जिलों के अलावा दतिया, ग्वालियर और गुना जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं ग्वालियर, चंबल संभागों के जिलों के अलावा टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें