शुक्रवार, 10 जनवरी 2020

शीतलहर से कांपा मध्यप्रदेश

 कई स्थानों पर रहेगा ‘कोल्ड डे’ , छाएगा घना कोहरा

मध्यप्रदेश में एक बार फिर मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. प्रदेशभर में तापमान में गिरावट आई है साथ ही कोहरा छाया है. ठंड के तेवर कड़े हो गए हैं, शीतलहर चलने से कई स्थानों पर ‘कोल्ड डे’ भी रहा है.
राज्य के सभी जिलों में शीतलहर का असर दिखाई दे रहा है. साथ ही कई जिलों में घना कोहरा भी छाया रहा. राजधानी भोपाल में आज सुबह कोहरा छाया रहा, साथ ही ठंडी हवाएं चलती रही, जिसके चलते रात के साथ-साथ दिन के तापमान में भी लगातार गिरावट आ रही है. राजधानी जैसे हालात प्रदेश के अन्य जिलों में भी बने हुए हैं.  भीषण सर्दी ने लोगों का बुरा हाल कर दिया है. वहीं कई हिस्सों में घना कोहरा छाने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के चलते पूरा प्रदेश ठंड के आगोश में है. मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे न्यूनतम तापमान बैतूल में 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राज्य में अभी दो दिन और इसी तरह के मौसम के बने रहने की संभावना है. 11 जनवरी के बाद मौसम में बदलाव आएगा और तापमान में वृद्धि हो सकती है.
बर्फीली हवाओं की चपेट में है मध्यप्रदेश
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 2 दिनों से पूरा मध्य प्रदेश बफीर्ली हवाओं की चपेट में है. दिन के समय धूप खेल रही है, लेकिन हवा में नमी होने के कारण धूप भी बेअसर हो रही है. रात्रि के समय त्वचा को गला देने वाली ठंडी हवाएं चल रही है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के हटने के बाद तापमान में गिरावट और शीतलहर चल रही है.
इन जिलों में रहेगा ‘कोल्ड डे’
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान सभी जिलों में कई स्थानों पर ‘कोल्ड डे’ रहा है. साथ ही घना कोहरा भी छाया रहा. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राज्य के ग्वालियर, चंबल, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, होशंगाबाद, रीवा, सागर, शहडोल, जबलपुर संभागों के जिलों में ‘कोल्ड डे’ रहेगा. वहीं ग्वालियर, चंबल, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, सागर, जबलपुर संभागों में शीतलहर जारी रहेगी.  साथ ही राज्य के सभी संभागों के जिलों में कई स्थानों पर घना कोहरा के भी छाए रहने की संभावना है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें