शुक्रवार, 3 जुलाई 2020

चीन से मिले चंदे और आयात में दी गई रियायतों की हो सीबीआई जांच


कृषि मंत्री कमल पटेल ने लिखा गृह मंत्री अमित शाह को पत्र

 कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री कमल पटेल ने राजीव गांधी फाउंडेशन को चीन से चंदा मिलने के बाद आयात में दी गई रियायतों के लिए तत्कालीन वाणिज्य मंत्री कमलनाथ की भूमिका को संदिग्ध बताते हुए पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। कमल पटेल ने इसे लेकर केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र भेजा है।
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा पूर्व केन्द्रीय वाणिज्य मंत्री कमलनाथ पर कमल पटेल का हमलावर रूख जारी है। छिंदवाडा की सिंचाई परियोजना के घोटाले के साथ ही किसानों के ऋण माफी के मामले को लेकर वह लगातार पूर्व सरकार को घेरते रहे हैं। अब चीन से चल रहे टकराव के साथ कमलनाथ एक और विवाद में घिर गए हैं। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र भेजकर कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा है कि चीन से सीमा विवाद के चलते कांग्रेस लगातार अनर्गल बयान दे रही है। उन्होंने कहा कि मीडिया से मिल रही जानकारियों के आधार पर चीन एवं तत्कालीन यूपीए सरकार के गहरे संबंध नकारे नहीं जा सकते। सोनिया गांधी की अध्यक्षता वाले राजीव गांधी फाउंडेशन को दान के नाम पर पीपल रिपब्लिक आफ चायना के दूतावास से करोड़ों रूपए की वित्तीय सहायता मिली है, कमल पटेल ने कहा कि चीन के साथ जारी सीमा विवाद के दौरान पूर्व यूपीए सरकार का नरम रवैया इसी आर्थिक सहायता के कारण तो नहीं रहा।
चीन से मिली आर्थिक सहायता को ष्षक की निगाह से देखा जाना चाहिए
कृषि मंत्री पटेल ने पत्र में कहा है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी ही नहीं तत्कालीन यूपीए सरकार में वाणिज्य मंत्री रहे कमलनाथ ने चीन से आयात हेतु अनापेक्षित रियायत दी थीं यह भी शक पैदा करता है कि कहीं यह उदारता राजीव गांधी फाउंडेशन को मिली आर्थिक सहायता के कारण तो नहीं दिखाई गई थी।  पटेल ने कहा कि पाकिस्तान उच्च आयुक्त के माध्यम से यदि किसी व्यक्ति विशेष अथवा संस्था को किसी प्रकार की आर्थिक सहायता दी जाती है तो यह माना जाता है कि वह कहीं न कहीं आतंकवादी गतिविधि में उपयोग हो रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह चीन, पाकिस्तान के साथ मिलकर भारत की सीमा को छलनी कर रहा है उससे चीन द्वारा प्राप्त आर्थिक सहायता को भी शक की निगाह से देखा जाना चाहिए। कृषि मंत्री पटेल ने यूपीए सरकार के समय चीन से मिली आर्थिक सहायता और आयात में दिए गए अनुचित लाभ तथा संपत्तियों की सीबीआई जांच कराने की मांग की है जिससे कांग्रेस का सच देश के सामने आ सके।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें